Wednesday, April 8, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा और सांप का चरित्र एक जैसा : सुरेश खन्ना

सपा और सांप का चरित्र एक जैसा : सुरेश खन्ना

-योगी के मंत्री बोले, मुंह खोलने पर दोनों जहर ही उगलेंगे

-चुनाव में वोट की लाठी से सपा का फन कुचल देगी जनता

लखनऊ(हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने समाजवादी पार्टी की तुलना सांप से की है। उन्होंने सोमवार को यहां कहा कि दोनों में एक समानता है। मुंह खोलने पर दोनों जहर ही उगलेंगे।

भाजपा नेता ने कहा कि सपा और सांप दोनों का इलाज भी एक ही है। फन कुचलना। सांप तो जहां दिखता है, लोग उसका इलाज कर देते हैं। इस बार जनता भी वोट रूपी लाठी लेकर सपा का फन कुचलने के लिए तैयार बैठी है। बस उसे चुनाव की प्रतीक्षा है।

कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा हाल के दिए गए बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ मायनों में तो सपा सांप से भी अधिक खतरनाक है। इसके द्वारा तुष्टीकरण की राष्ट्रघाती राजनीति, जाति, क्षेत्र और मजहब के आधार पर समाज में जहर घोलना इसका सबूत है।

खन्ना ने कहा कि एक तरीके से देखा जाए तो वोट की फसल काटने के लिए सपा जहर की ही खेती करती है। इस खेती में एनपीके (नाइट्रोजन, फास्फोरस और पोटास) की तरह आतंकवाद, अपराध और अराजकता की खाद देती है। जनता इनकी इस जहरीली राजनीति को समझ गई है। समझ तो ये भी चुके हैं। समझ ही नहीं गए हैं बल्कि चुनावों में अपनी सुनिश्चित हार जानकर डरे हुए हैं।

कहा कि सांप जब चारों ओर से घिर जाता है, उसे अपना अंत नजर आने लगता है तो वह फन उठाकर फुफकार के जरिए सिर्फ जहर छोड़ता है। फिर उसका क्या हश्र होता है, यह बताने की जरूरत नहीं। इस बार के चुनावों में यकीनन सपा का भी यही हश्र होगा। अखिलेश भी इस चीज से वाकिफ हैं। यही वजह है कि वह चुनाव न लड़ने की घोषणा कर रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular