Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सपा,बसपा व कांग्रेस की सरकार दलाली लेने वालों की सरकार थी :...

 सपा,बसपा व कांग्रेस की सरकार दलाली लेने वालों की सरकार थी : केशव प्रसाद मौर्य

नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए बिना मोहि कहां विश्राम

जालौन(हि स.)। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी सरकार के सेवा, सुशासन व गरीब कल्याण के 9 वर्ष पूर्ण होने पर मंगलवार को जालौन के उरई मुख्यालय पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के आतिथ्य में जनसभा का आयोजन किया गया। उपमुख्यमंत्री ने केन्द्र सरकार 9 वर्ष की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि 2024 में भी लोकसभा चुनाव जिताकर एक बार फिर प्रधानमंत्री मोदी की ताकत को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि 2024 में नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाए बिना मोहि कहा विश्राम। उन्होंने कहा कि सपा,बसपा व कांग्रेस की सरकार कमीशन और दलाली लेने वालों की सरकार थी।

प्रधानमंत्री को गरीबों,नौजवानों,व किसानों के मसीहा बताया। कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 9 वर्ष पूर्ण होने पर जनता जनार्दन का हृदय से स्वागत करता हूं। जिसने गरीबी नहीं देखी उसे आज प्रधानमंत्री आवास मिला है। शौचालय का, गैस का कनेक्शन, हर घर नल से जल पहुंचाने का कार्य किया गया। आयुष्मान कार्ड मिला। साडे तीन साल से राशन भी मिल रहा है। यदि भाजपा का कमल नहीं खिलाया होता तो याद करिए 2014 के पहले बुंदेलखंड की तस्वीर। बुंदेलखंड को हिंदुस्तान में सबसे पिछड़ा माना जाता था। जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने और प्रदेश में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने तो डबल इंजन की सरकार ने बुंदेलखंड को सबसे आगे खड़ा कर दिया। सपा,बसपा व कांग्रेस ने पहले बुंदेलखंड को बर्बाद किया था और भाजपा ने उसका विकास किया। बड़े बड़े गुंडे और अपराधी जो जमीन पर ,मकानों पर कब्जा करते थे, खनन माफिया, नकल माफिया,शराब के माफिया आज उनकी क्या दशा है आपसे छुपी नहीं। भाजपा है इसलिए सुशासन है। भाजपा है इसलिए विकास है। भाजपा है इसलिए गुंडों पर नकेल है।

भाजपा है इसलिए खुशहाली है। भाजपा है इसलिए आपको जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। किसान सम्मान निधि के 6000 रुपए सीधे खाते में पहुंचते हैं। आप बताओ इसमें कोई कमीशन तो नहीं लेता है। जब सपा, बसपा व कांग्रेस की सरकार थी कमीशन और दलाली लेने वालों की सरकार थी। आपको 100 रुपये भेजा जाता था तो 85 रूपये उनके दलाल खाते थे। 220 करोड़ लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाने का काम किया। 80 करोड़ लोगों को निशुल्क राशदेने का काम किया। सपा बसपा की बैसाखी पर अगर कांग्रेस की सरकार होती तो आज तक भी वैक्सीन नहीं आती।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा हमारी सरकार ने जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई,अयोध्या में राम मंदिर भी बन रहा है। सपा बसपा और कांग्रेस वाले 2014 के पहले किसी मंदिर में नहीं जाते थे। राम भक्तों पर गोली चलाने का काम सपा ने किया। नीतीश कुमार पटना में सब को बुला रहे हैं। उनका बिहार में खाता नहीं खुलने वाला है। मोदी जी कभी गलत काम नहीं करते जो भी कार्य करते हैं देश के लिए करते हैं। जब 2014 के पहले देश पर हमला होता था तो प्रधानमंत्री पहले हमले पर निंदा करता था,दूसरी बार हमले पर कहते थे बड़ी निंदा करता हूं और तीसरी बार कहते थे कड़ी निंदा करता हूं।

केंद्रीय राज्यमंत्री भानु प्रताप वर्मा ने कहा कि प्रदेश का चौमुखी विकास किया जा रहा है। कालपी में जैम लगता था उस विकराल समस्या से निजात दिलाने का काम करते हुए इतिहास रचने का कार्य भाजपा सरकार ने किया। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास के लाभार्थियों को उपमुख्यमंत्री ने चाबियां व समूह की सखी को चैक व प्रमाण पत्र प्रदान किया।

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री भानु प्रताप वर्मा,प्रभारी मंत्री धर्मवीर प्रजापति,जिला पंचायत अध्यक्ष घनश्याम अनुरागी,एमएलसी रमा निरंजन, सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा,माधौगढ़ विधायक मूलचंद निरंजन,जिलाध्यक्ष जालौन,रामेंद्र सिंह बना समेत तमाम स्थानीय नेता उपस्थित रहे।

अनिल/महेश/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular