Sunday, February 15, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसनातन धर्म सबका, भाजपा को नहीं बनने देंगे ठेकेदार : रामगोविन्द चौधरी

सनातन धर्म सबका, भाजपा को नहीं बनने देंगे ठेकेदार : रामगोविन्द चौधरी

– पूर्व नेता प्रतिपक्ष बोले, राम जन्मभूमि आंदोलन के सूत्रधार शंकराचार्यों को किनारे करने वाले उपदेश न दें

बलिया (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बीना में एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी द्वारा विपक्षी गठबंधन पर सनातन संस्कृति को खत्म करने के आरोप लगाए जाने पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने पलटवार किया है। सोमवार को बयान जारी कर भाजपा को आड़े हाथों लेते कहा कि भारत सनातन धर्म का देश है। यह हम सबका है।

रामगोविंद चौधरी ने कहा कि सनातन धर्म क्या कहता है, यह हमें वे समझा रहे हैं जो स्वंय धर्म के मर्म को जानकर भी झूठ फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश की जनता का ध्यान मोड़ कर धन और वोट हासिल करना मात्र है। भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के सूत्रधार शंकराचार्यों को किनारे करने बाले उपदेश न दें। सनातन धर्म हम सबका है। हम इन्हें धर्म का ठेकेदार नहीं बनने देंगे। सनातन संस्कृति की परम्परा में अर्ध कुम्भ को कुम्भ कहने वालों ने जिस तरह रामजन्मभूमि ट्रस्ट में शंकराचार्यों को शामिल न कर देश-विदेश के करोड़ों सनातन धर्म प्रेमियों का अपमान किया है, भाजपा को जनता अब सबक जरूर सिखायेगी।

श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा एक ही खेल खेल रही है कि कैसे जनता का ध्यान मूल समस्याओं से मोड़ा जाए। कैसे देश में धार्मिक विवाद हो, ताकि असली बातों से ध्यान हट जाए। मैनपुरी लोकसभा और घोसी विधानसभा उप चुनाव परिणाम के बाद भाजपा हताशा और निराशा में है। वह समझ गयी है कि 2024 के चुनाव के चुनाव में जनता जुमालेबाजी को नकार देगी। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का वादा 15 लाख का नहीं मिला जनता को आधा। देश में भाजपा का मूल चेहरा उजागर हो गया है। मप्र में जिस प्रकार शिवराज भाजपा, महाराज भाजपा और नाराज भाजपा बन गयी है वही स्थिति दिल्ली में भी है। राष्ट्रवाद और सेना के मुद्दे इनके लिए मात्र वोट के लिए बनावटी, दिखावटी, मिलावटी और सजावटी है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति व्यापक जन आक्रोश है।

एन पंकज/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular