Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेश सदर विधायक ने भाजपा के झंडे वाले गुंडों के खिलाफ खोला मोर्चा

 सदर विधायक ने भाजपा के झंडे वाले गुंडों के खिलाफ खोला मोर्चा

विधायक को धमकाने वाला आरोपित पुलिस हिरासत में

झांसी (हि. स.)। सदर विधायक रवि शर्मा ने अपने ही पार्टी के झंडे वाले गुंडों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यह बात उन्होंने अपने बयान में कही। उनके द्वारा सितम्बर में मुख्यमंत्री को लिखे पत्र के बाद आज हरकत में आई पुलिस ने सदर विधायक को जान से मारने की धमकी देने वाले और डीआईजी व एसएसपी को देख लेने वाले आरोपित को देर रात हिरासत में ले लिया।

सदर विधायक रवि शर्मा ने बताया कि जबसे भाजपा सरकार आई है, कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों ने अपनी गाड़ियों पर भाजपा के झंडे लगा लिए हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे लोग अपनी गाड़ियों में काले कपड़े पहनाकर बाउंसर लेकर चलते हैं और आपराधिक मामलों को अंजाम दे रहे हैं। लोग उनकी गतिविधियों से दहशत में हैं।

उन्होंने बताया कि अभी हाल ही में परिवहन विभाग की एक रिपोर्ट में यह निकल कर आया था कि अवैध खनन में संलिप्त कई ट्रकों की नंबर प्लेट बाइक व स्कूटर की नम्बर प्लेट लगाकर चल रहे हैं। इस प्रकार ऐसे अपराधी राजस्व को क्षति पहुंचाने के साथ भाजपा की छवि को भी धूमिल करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों के द्वारा उप्र व मप्र के बॉर्डर पर टेंट लगाकर जुए के फड़ चलाए जा रहे हैं। अवैध शराब का कारोबार किया जा रहा है। यह सब कुछ पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है।

यह भी बताया कि उन्होंने जब इसका विरोध किया तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। यही नहीं डीआईजी व एसएसपी को भी बुरा भला कहा गया। इसका ऑडियो भी पूर्व में वायरल हुआ है। इसको लेकर उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर अपनी सुरक्षा की मांग की थी। इसकी जांच अब झांसी के अधिकारियों के पास आ गई है।

आरोपित की पत्नी पहुंची कलेक्ट्रेट,कहा पति को जान का खतरा

आरोपित अमित कौतू की पत्नी कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची। उसने आरोप लगाया कि देर रात करीब दो बजे उसके घर पर पहुंचकर पुलिस ने तांडव किया और पति को उठा ले गई। उसने अंदेशा जताया कि उसके पति और उसको सदर विधायक से जान का खतरा है। उसने इसकी शिकायत पूर्व में मुख्यमंत्री से भी की थी।

इस मामले में पुलिस अधिकारियों ने अभी तक गिरफ्तारी के संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की। हालांकि कोतवाली पुलिस की कार में आरोपित पुलिस हिरासत में जरूर देखा गया।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular