Sunday, March 29, 2026
Homeमनोरंजन'सत्यप्रेम की कथा' का 'सुन सजनी' गाना हुआ रिलीज

‘सत्यप्रेम की कथा’ का ‘सुन सजनी’ गाना हुआ रिलीज

कार्तिक आर्यन और कियारा आडवाणी की ब्लॉकबस्टर जोड़ी ने अपने लेटेस्ट ट्रैक ‘सुन सजनी’ के साथ एक बार फिर अपना जादू बिखेरा है। यह गाना आज रिलीज हुआ है, लेकिन टीजर से गाने की झलक पाकर फैंस पहले ही सुपर-एक्साइटेड हो गए थे। ‘सुन सजनी’ गाने के ट्रैक ने सभी को गरबा बीट्स पर झूमने के लिए मजबूर किया है।

हाल में रिलीज हुए इस गाने के टीजर में एक भव्य गरबा उत्सव गीत की झलक मिली थी। ग्रैंड सेलिब्रेशन विजुअल्स, रंगीन कैनवास, और धमाकेदार गरबा बीट्स के साथ अच्छी तरह से सजाया गया ‘सुन सजनी’ एक ऐसा गीत है, जो वास्तव में लोगों के दिलों पर राज करेगा। इस गाने में कार्तिक आर्यन को पहली बार गुजराती अवतार में डांस फ्लोर पर धूम मचाते देखा जा सकता है। कार्तिक के साथ कियारा भी गरबा करते हुए दिखाई दे रही हैं।

‘सुन सजनी’ को मीत ब्रदर्स, परंपरा टंडन और पीयूष मेहरोलिया ने गाया है। इस गाने का म्यूजिक मीत ब्रदर्स ने दिया है और गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं। इसके अलावा पहले रिलीज हुए ‘नसीब से’ ,‘आज के बाद’ और ‘गुज्जू पटाका’ गाने दर्शकों की प्ले लिस्ट का हिस्सा बन चुके है। अब इस लिस्ट में लेटेस्ट ट्रैक ‘सुन सजनी’ भी शुमार हो गया है। ‘सत्यप्रेम की कथा’ रोमांटिक फिल्म है, जिसकी खुमारी हर तरफ छाई हुई है। ऐसे में दर्शक फिल्म के सुपर रोमांटिक गानों में सराबोर हो चुके हैं।

‘सत्यप्रेम की कथा’ एनजीई और नमः पिक्चर्स के बीच बड़े पैमाने पर सहयोग का प्रतीक है। दिलचस्प बात यह है कि साजिद नाडियाडवाला और शरीन मंत्री केडिया ने किशोर अरोड़ा और निर्देशक समीर विद्वांस के साथ अपनी अपनी फीचर फिल्मों के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता है। ‘सत्यप्रेम की कथा’ 29 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

लोकेश चंद्रा/सुनीत

RELATED ARTICLES

Most Popular