Saturday, April 11, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसत्ता से बेदखल लोग किसानों के कंधे का इस्तेमाल कर सरकार-देश के...

सत्ता से बेदखल लोग किसानों के कंधे का इस्तेमाल कर सरकार-देश के खिलाफ कर रहे साजिश : केशव मौर्य

संजय सिंह

लखनऊ (हि.स.)। किसान आन्दोलन के नाम पर विपक्ष जहां सरकार को घेरने में जुटा है और उस पर लगातार हमले कर रहा है। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने विरोधी दलों पर किसानों के कंधे का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया है, वह सरकार ओर देश के खिलाफ साजिश का हिस्सा बन गए हैं।

उपमुख्यमंत्री केशव ने शुक्रवार को कहा कि किसान आन्दोलन के नाम पर साजिश की जा रही है। हमारा जो अन्नदाता किसान है, यह देश जानता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रहते हुए ना तो कभी किसानों का अहित हो सकता है, ना ही देश का अहित हो सकता है ना देशवासियों का अहित हो सकता है। उन्होंने कहा कि फिर भी जिन लोगों को देश और प्रदेश की जनता ने सत्ता से बेदखल कर दिया है, वह सब मिलकर किसानों के कंधे का इस्तेमाल करते हुए सरकार के खिलाफ, विचार के खिलाफ, देश के खिलाफ, एक साजिश का हिस्सा बन गए हैं। 
उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा कि किसानों की कोई भी मांग हो अगर केन्द्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार है और उत्तर प्रदेश में उनके मार्गदर्शन में चलने वाली सरकार है, तब इस देश को विश्वास है कि प्रधानमंत्री मोदी ना तो किसानों के खिलाफ, न गरीबों के खिलाफ कुछ कर ही नहीं सकते।
इस बीच प्रदेश के शामली स्थित भैंसवाल गांव में आज राष्ट्रीय लोक दल द्वारा बुलाई गई किसानों की महापंचायत में पार्टी नेता जयंत चौधरी पहुंचे। इस दौरान सरकार पर कानून वापस लेने का दबाव बनाया गया। दरअसल किसान आन्दोलन का मजबूती देने के लिए शुक्रवार से उत्तर प्रदेश में किसान पंचायतों का आयोजन करने का फैसला किया गया है। यह पंचायतें फरवरी के अंत तक चलेगी। इन पंचायतों का आयोजन रालोद की तरफ से किया जा रहा है। पार्टी ने किसान आन्दोलन को समर्थन देने की घोषणा की है। 
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज फिर सरकार पर तंज कसते हुए ट्वीट किया कि बड़े भोले बन के वे पूछ रहे हैं इस में क्या है काला, नीयत जिनकी काली है, सीरत जिनकी काली है।
वहीं नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान कल दिल्ली को छोड़कर एनसीआर समेत देश भर में चक्का जाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चे ने शनिवार को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में किसान चक्का जाम करने की घोषणा की है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपने-अपने जगहों पर कल चक्का जाम शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे। 

RELATED ARTICLES

Most Popular