सत्ता में आते ही किसानों का कर्ज माफ करेगी इंडी सरकार : अखिलेश यादव

कुशीनगर में इंडी उम्मीदवार अजय प्रताप सिंह के पक्ष में की जनसभा

कुशीनगर (हि.स.)। सपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मंगलवार को दोपहर कुशीनगर के पडरैना में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत किसी के पास है तो वह जनता के हाथ में है और इस बार जनता ने अपने हाथों में चुनाव की बागडोर ले ली है। इसी का नतीजा है सातवें चरण में भाजपा का डबल इंजन धुआं फेंकने लगा है। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सत्ता में आते ही सबसे पहला काम किसानों का कर्ज माफ करेगा।

सपा मुखिया ने कहा कि यह चुनाव रोटी कपड़ा मकान के लिए नहीं हो रहा बल्कि उस संविधान को बचाने के लिए हो रहा जो हम सभी को अधिकार और न्याय के साथ—साथ बिना भेदभाव के जीने का अधिकार देता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दस सालों में कुशीनगर में विकास की किरण नहीं पहुंच पाई। किसान और नौजवानों के साथ धोखा हुआ। नौजवानों को रोजगार और काम नहीं मिला। किसान की आमदनी दुगुनी करने का दावा करने वाली सरकार ने बीज, कीटनाशक, डीएपी यूरिया खाद, डीजल के दाम इस कदर बढ़ाए कि आमदनी तो दुगुनी नहीं हुई लागत कई गुनी जरूर हो गई।

अखिलेश बोले की सरकार बंद चीनी मिले नहीं चलवा पाई, किसानों को गन्ना का मूल्य नहीं मिला। गन्ना की कीमत नहीं बढ़ी। किसानों के कर्ज माफ नहीं हुए। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन सत्ता में आते ही सबसे पहला काम किसानों का कर्ज माफ करने का करेगा। फसल की कीमत देंगे और हर नौजवान को काम और रोजगार देने का कार्य कर खुशहाली लाने का कार्य किया जाएगा।

सभा को पूर्व मंत्री ब्रह्मशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, पूर्व सांसद बालेश्वर यादव, पूर्व एमएलसी रामआवध यादव, राजेश प्रताप राव आदि ने संबोधित किया।

गोपाल

error: Content is protected !!