Tuesday, February 10, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसतर्क रहना! ई-चालान के नाम पर चूना लगा सकते हैं साइबर ठग

सतर्क रहना! ई-चालान के नाम पर चूना लगा सकते हैं साइबर ठग

प्रादेशिक डेस्क

लखनऊ। यदि आपके मोबाइल फोन पर किसी नंबर से ई-चालान की धनराशि जमा करने को लेकर मैसेज आ रहा है तो सतर्क हो जाइये। संबंधित लिंक पर पैसा तो नहीं जमा होगा, अलबत्ता आपका एकाउंट खाली हो जाने की पूरी संभावना है। जौनपुर जिले में ट्रैफिक पुलिस को इस बारे में लगातार मिल रही शिकायतों के बाद अलर्ट जारी किया गया है। इसके साथ ही इस तरह के संदेश आने पर परिवहन विभाग की वेबसाइट या ट्रैफिक पुलिस कार्यालय से तहकीकात कर ही चालान की धनराशि जमा करने का आह्वान किया गया है।
बताते चलें कि साइबर अपराधी ठगने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इसी तरह अब लोगों के मोबाइल फोन पर विभिन्न नंबरों से संदेश भेजकर दोपहिया से लेकर चारपहिया वाहन चालकों को ई-चालान भरने के लिए कहा जा रहा है, जबकि चालान के दौरान प्राप्त होने वाले संदेश में कोई मोबाइल नंबर नहीं आता। कुछ वाहन चालकों ने इसकी शिकायत जब ट्रैफिक पुलिस से की तो अधिकारियों का भी माथा ठनक गया। जांच-पड़ताल के दौरान छह ऐसे नंबर मिले, जिनका ट्रैफिक पुलिस से कोई सरोकार नहीं था। कुछ नंबरों पर संपर्क करने पता चला कि इस पूरे धंधे को साइबर अपराधी सुनियोजित तरीके से चला रहे हैं, जिनसे सतर्क रहने को कहा गया है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर जीडी शुक्ला ने बताया कि साइबर अपराधियों का संगठित गिरोह इस कारनामे में लिप्त है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि मोबाइल फोन पर आने वाले इस तरह के संदेशों की पड़ताल करने के बाद भी आगे बढ़ें, नहीं तो एकाउंट खाली हो सकता है। सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया में डिजिटलाइजेशन का दौर काफी तेजी से बढ़ा है। खासतौर से पिछले दो सालों के अंदर यानी कोरोना महामारी के दौरान डिजिटलाइजेशन में काफी तेजी देखी गई है। अब हर कोई आनलाइन शापिंग करने लगा है। कोरोना की वजह से लोग बाहर भीड़भाड़ में निकलना कम पसंद करते हैं, इसलिए घर बैठे ऑनलाइन ही सारा काम निपटाने लगे हैं। आनलाइन शापिंग में लोगों को फायदा भी मिलने लगा है। कभी-कभी किसी सामान पर अच्छा खासा ऑफर मिल जाता है। ऐसे में लोग ज्यादा ऑनलाइन शापिंग पसंद करने लगे हैं। यही वजह है कि आजकल साइबर अपराधी इसका फायदा भी उठाने लगे हैं। पिछले कुछ सालों में भारत में साइबर अपराधों की संख्या में जबरदस्त तेजी देखी जा रही है। हालांकि सरकार भी लोगों को सचेत रहने की सलाह देती रहती है। साथ ही इसके खिलाफ ठोस कदम भी उठाती रहती है। लेकिन जालसाज लोगों को ठगने के लिए नए-नए हथकंडे अपनाते रहते हैं। ऐसे में आपको काफी ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।

यह भी पढ़ें : शादी के 42 साल बाद दुल्हन को लेने पहुंचा 65 वर्षीय दूल्हा

आवश्यकता है संवाददाताओं की

तेजी से उभरते न्यूज पोर्टल www.hindustandailynews.com को गोण्डा जिले के सभी विकास खण्डों व समाचार की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थानों तथा देवीपाटन, अयोध्या, बस्ती तथा लखनऊ मण्डलों के अन्तर्गत आने वाले जनपद मुख्यालयों पर युवा व उत्साही संवाददाताओं की आवश्यकता है। मोबाइल अथवा कम्प्यूटर पर हिन्दी टाइपिंग का ज्ञान होना आवश्यक है। इच्छुक युवक युवतियां अपना बायोडाटा निम्न पते पर भेजें : jsdwivedi68@gmail.com
जानकी शरण द्विवेदी
सम्पादक
मोबाइल – 9452137310

RELATED ARTICLES

Most Popular