– 10 घंटे तक फंसे रहे वाहन, पुलिस ने चालू कराया यातायात
कानपुर(हि.स.)। सड़क हादसे से कानपुर लखनऊ हाइवे की एक लेन पर बंद हो गई। इससे दूसरी लेन से वाहन निकलने लगे तो दोनों ओर से आ रहे वाहनों से भीषण जाम लग गया। करीब 15 किमी तक लगे जाम को हटाने के लिए पुलिस को 10 घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद हाइवे पर वाहन सुचारु से चल सके।
कानपुर की सीमा पार उन्नाव जनपद में देर रात एक लेन पर दो वाहनों में टक्कर हो गई। हादसे से एक तरफ की लेन पर वाहनों में ब्रेक लग गया और वाहनों की लंबी कतार लगना शुरु हो गई। इस पर दूसरी लेन से भी वाहन निकलना शुरु हो गये तो दोनों ओर भीषण जाम लग गया। पहले हाईवे पर रफ्तार थमने से वाहन रेंगते रहे और शनिवार की सुबह होने तक जाम के हालात बन गए। धीरे-धीरे वाहनों की कतार जाजमऊ फ्लाईओवर से कोयला नगर फ्लाई ओवर के आगे तक पहुंच गई। हाईवे पर करीब 15 किमी जाम होने की वजह से वाहन सवारों ने सर्विस लेन से वाहन गुजारना शुरू किया तो रामादेवी चौराहे तक जाम लग गया। आलम यह हो गया कि दोपहिया वाहन सवारों को भी निकलने में समस्या हो रही। पुलिस ने आठ घंटे बाद कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल कराया तब जाकर वाहन हाइवे पर फर्राटा भर सके।
चकेरी थाना प्रभारी मधुर मिश्रा ने बताया कि कानपुर की सीमा पार उन्नाव जनपद में दो वाहनों की भिड़ंत हो गई थी। जिसके कारण कानपुर लखनऊ हाईवे पर यातायात बाधित हो गया था। कंट्रोल रूम पर मिली सूचना के अनुसार दोनों वाहनों को क्रेन की मदद से हटवा दिया गया है। वाहनों को लेन से गुजारने के बाद अब यातायात सुचारु रुप से संचालित हो रहा है।
अजय
