Sunday, April 5, 2026
Homeदेवीपाटन मंडलगोंडासड़क हादसे में बारात आ रहे दूल्हे के भाई समेत तीन युवकों...

सड़क हादसे में बारात आ रहे दूल्हे के भाई समेत तीन युवकों की मौत

जानकी शरण द्विवेदी

गोण्डा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए एक सड़क हादसे में दूल्हे के भाई समेत तीन लोगों की मौत हो गई। बभनान कस्बे से लगभग दो किलोमीटर स्थित करमा गांव के पास बारात जा रहे युवकों की बाइक बेकाबू होकर बिजली के खंभे से जा टकराई। घटना में दूल्हे के भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, दो युवकों की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम निदुरी खमौआ से एक ही बाइक से तीन युवक बारात में शामिल होने के लिए मसकनवा आ रहे थे। बाइक पर दूल्हे का भाई रमेश गिरी (21) पुत्र बुधराम गिरी निवासी ग्राम निदुरी खमौआ बस्ती, इंद्रदेव यादव (22) पुत्र भरत यादव, सिकंदर यादव पुत्र (23) बैजनाथ यादव निवासी ग्राम कुड़ीयारी थाना दीदारगंज आजमगढ़ बैठे थे। बताया जा रहा है कि मसकनवा बभनान मार्ग पर करमा गांव के पास बाइक बेकाबू होकर बिजली के पोल से टकरा गई। दुर्घटना में रमेश गिरी की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, सिकंदर और इंद्रदेव ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाते समय दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई। मृतक सिकंदर के पिता बैजूराम यादव की तहरीर पर छपिया थाने में सड़क दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular