वाराणसी (हि.स.)। चौबेपुर थाना क्षेत्र के बहादुरपुर गांव के समीप मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर हाईस्कूल के एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं दो अन्य छात्र भी गम्भीर रूप से घायल हो गये। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छात्रों को अस्पताल भिजवाने के बाद शव को कब्जे में ले लिया।
हादसे की जानकारी पाते ही मृतक और घायलों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते अस्पताल पहुंच गये। वीपी गुजरात इंटर कालेज भैरोनाथ के कक्षा दस के तीन छात्र विशाल प्रजापति (16), सागर बिंद और एक अन्य छात्र एक ही मोटर साइकिल पर सवार होकर सुबह गौरा कलां स्थित गांधी इंटर कालेज में हाईस्कूल की परीक्षा देने जा रहे थे। बहादुरपुर गांव के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विशाल प्रजापति निवासी जैतपुरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सागर और साथी छात्र भी घायल हो गया।
श्रीधर
