लखनऊ (हि.स.)। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि प्रदेश में सड़कों की मरम्मत के कार्य में तेजी आयी है। 50 प्रतिशत से ज्यादा कार्य कराया जा चुका है।
संदीप कुमार ने बताया कि विभागीय मंत्री जितिन प्रसाद ने शुक्रवार को सड़कों के मरम्मत, नवीनीकरण को लेकर समीक्षा बैठक की थी। उसमें सजीव आंकड़ों को रखा गया था। वास्तविक आंकड़े के अनुसार दस हजार 675 किलोमीटर की सड़कों का विशेष मरम्मत नवीनीकरण होना है। इसके सापेक्ष अभी तक 50 फीसदी कार्य हुआ है। सड़कों के गड्ढों को भरने में मौजूदा स्थिति का ध्यान रखा जा रहा है, जिसमें वहां पर सड़क की कुल चौड़ाई एक बराबर रहे। सड़क कुछ दूरी पर ऊंची या नीची ना हो। सड़क की गुणवत्ता का भी विशेष रूप से ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने प्रदेश के जोन स्तर पर सड़क की गुणवत्ता जांचने के लिए तीन अधिकारियों की एक टीम बनाने और उनके माध्यम से पांच से 10 नवम्बर तक सभी सड़कों की जांच पड़ताल करने के निर्देश भी दिए हैं।
शरद/दीपक
