Thursday, April 2, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसड़क पर युवक ने पत्नी और ससुर को पीटा, हंगामा

सड़क पर युवक ने पत्नी और ससुर को पीटा, हंगामा

मेरठ(हि.स.)। परिवार परामर्श काउंसिलिंग से लौट रहे युवक ने सड़क पर अपनी पत्नी और ससुर को जमकर पीटा। शिकायत मिलने पर एसएसपी ने पुलिस को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

जानी थाना क्षेत्र के सिवालखास निवासी अब्दुल जब्बार ने अपनी बेटी अंजुम की शादी दो साल पहले सरधना क्षेत्र के खिर्वा निवासी आबिद के साथ की थी। दंपति के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझौते के लिए पुलिस लाइन स्थित परिवार परामर्श केंद्र बुलाया था। बुधवार को काउंसिलिंग के लिए दोनों पक्ष परिवार परामर्श केंद्र पहुंचे थे। वहां पर भी दोनों पक्षों में बहस हुई। वहां से काउंसिलिंग के बाद बाहर आने पर अंबेडकर चौराहे के पास आबिद ने अपने परिजनों के साथ मिलकर अपने ससुर के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पर उसने अपनी पत्नी को भी थप्पड़ मारे। मारपीट होती देख आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया। मौका पाकर हमलावर धमकी देते हुए फरार हो गए।

अंजुम ने बताया कि बेटी उसके पास रहती है। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने उसे परेशान करना शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट शुरू कर दी तो वह अपने मायके आ गई। मारपीट की घटना के बाद बाप-बेटी ने एसएसपी रोहित सिंह सजवाण से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने सिविल लाइन इंस्पेक्टर उपेंद्र मलिक को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार/कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular