Monday, April 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसड़कों में गड्ढों के विरोध में सपा विधायक ने दिया धरना

सड़कों में गड्ढों के विरोध में सपा विधायक ने दिया धरना

मेरठ (हि.स.)। सड़कों में गड्ढों के विरोध में गुरुवार को सरधना के सपा विधायक अतुल प्रधान ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय में धरना दिया। अधिकारियों से नाराज विधायक ने कहा कि आप बहुत महान हैं। आपके पैर पकड़ लेता हूं, लेकिन गड्ढे भरवा दो। इससे सकते में आए अधिकारियों ने 15 नवम्बर तक सड़कों के गड्ढे भरवाने का आश्वासन दिया।

मेरठ में टूटी सड़कों और गड्डों के खिलाफ गुरुवार को सपा विधायक अतुल प्रधान लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता कार्यालय में धरना देने पहुंच गए। विधायक ने अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई तो वे बगले झांकने लगे। विधायक ने कहा कि सड़कों में गड्ढे हो गए हैं, लेकिन अधिकारी गड्ढे नहीं भर रहे। पता नहीं प्रदेश में इतनी बड़ी सरकार कैसे चल रही जो एक गड्ढा भी नहीं भर सकते। दो दिन पहले 15 साल का बच्चा गड्ढे में गिरकर अपनी जान से हाथ धो बैठा। आप लोग अब क्या इंतजार कर रहे हैं और कितने हादसों का इंतजार है। हर रोज लोग गड्ढों में गिरकर चोट खा रहे हैं। अतुल प्रधान यही पर नहीं रुके। उन्होंने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से नाराजगी जताते हुए कहा कि यहां पर जनप्रतिनिधियों की भी सुनवाई नहीं है, आम जनता की क्या सुनते होंगे। जब भी बात करो, कहते हो फोन करते रहते हैं। चार महीने से एक गड्ढा भरने को कह रहा हूं, लेकिन अभी तक उसे नहीं भरा गया। जनता के हित में हजार बार जेल जाना पसंद करूंगा। सरकारी तनख्वाह पाने के कारण सरकार और जनता के प्रति जिम्मेदारी है। गड्ढे भरवाने को एक्सईएन से कह रहा हूं। चीफ इंजीनियर से कह रहा हूं, लेकिन गड्ढा नहीं भरा गया। जब तक काम शुरू नहीं करोगे मैं धरने से उठूंगा नहीं। काम का पैसा आने के बाद भी गड्ढे नहीं भरे जा रहे। पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर राजीव कुमार का कहना है कि सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए शासन स्तर से बजट मिल चुका है। 15 नवम्बर तक सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर दिया जाएगा।

जनता के हित के लिए संघर्ष का फल 2022 के विधानसभा चुनाव में अतुल प्रधान को मिला। सपा के टिकट पर अतुल प्रधान ने भाजपा के चर्चित विधायक रहे संगीत सोम को करारी शिकस्त देकर उनकी हैट्रिक का सपना तोड़ दिया। इससे पहले अतुल प्रधान लगातार दो बार विधानसभा चुनाव हार चुके थे। विधायक का चुनाव जीतने के बाद अतुल प्रधान ने फिर से अपने पुराने तैवर दिखाए हैं। अतुल प्रधान सपा मुखिया अखिलेश यादव के करीबी है। उनकी पत्नी सीमा प्रधान जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी है।

कुलदीप

RELATED ARTICLES

Most Popular