नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और तेज गेंदबाज कपिल देव आज अपना 63वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस अवसर पर पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और हरभजन सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
सचिन ने ट्विटर पर कपिल देव के साथ अपनी एक पुरानी तस्वीर पोस्ट की और उनके अच्छे स्वास्थ्य और भाग्य की कामना की।
सचिन ने ट्वीट किया, “दिन की ढेर सारी शुभकामनाएं, कपिल पाजी। आपके अच्छे स्वास्थ्य और आने वाले वर्ष के लिए शुभकामनाएं।”
पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने भी विश्व कप ट्रॉफी को गले लगाते हुए कपिल की एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, “जन्मदिन मुबारक हो कपिल पाजी, ढेर सारी शुभकामनाएं।”
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भी ट्विटर का सहारा लिया और 1983 के विश्व कप विजेता कप्तान की उपलब्धियों का बखान किया।
बीसीसीआई ने ट्वीट किया, “356 अंतरराष्ट्रीय मैच 9,031 अंतरराष्ट्रीय रन 687 अंतरराष्ट्रीय विकेट। टीम इंडिया के 1983 विश्व कप विजेता कप्तान और सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडरों में से एक कपिल देव को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं।”
कपिल देव ने भारत के लिए 16 साल क्रिकेट खेली। इसके बाद उन्होंने भारतीय क्रिकेट की सेवा एक प्रशासक और एक कोच के तौर पर की। उन्होंने साल 1978 में टेस्ट और एकदिवसीय क्रिकेट में कदम रखा था और साल 1994 में आखिरी बार देश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने उतरे। उन्होंने देश के लिए 131 टेस्ट और 225 एकदिवसीय मैच खेले। एक बल्लेबाज के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में कपिल देव ने 8 शतक और 27 अर्धशतकों के साथ 5248 रन बनाए हैं।
225 एकदिनी मैचों में कपिल देव के बल्ले से एक शतक और 14 अर्धशतकों के साथ 3783 रन निकले थे। वहीं, एक गेंदबाज के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में कपिल देव ने 434 विकेट चटकाए थे, जबकि एकदिनी क्रिकेट में उनके नाम 253 विकेट लेने का रिकार्ड दर्ज है।
सुनील
