वाराणसी(हि.स.)। सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की विद्यावारिधि(पीएच-डी) प्रवेश परीक्षा 2021-22 का कार्यक्रम शुक्रवार को घोषित हो गया। पीएचडी प्रवेश परीक्षा के लिए 06 सितम्बर से ई -चालान निकाला जायेगा। ये जानकारी विश्वविद्यालय के उप कुलसचिव (शैक्षिक) केस लाल ने दी।
विद्यावारिधि(पी एच-डी) प्रवेश परीक्षा में पंजीकृत होने के इच्छुक अभ्यर्थी 06 सितम्बर 2021 से विश्वविद्यालय के ऑनलाइन वेबसाइट (www.ssvvonline.in) से परीक्षा शुल्क के लिए ई-चालान निकालेंगे। उपकुलसचिव ने बताया कि शोध प्रवेश परीक्षा का शुल्क सामान्य अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रवेशार्थियों के लिये रूपये 1000(रुपये एक हजार मात्र) तथा अनुसूचित जनजाति के लिये रुपये 500 (पांच सौ मात्र) है।
इन्डियन बैंक(पूर्ववर्ती इलाहबाद बैंक) की किसी भी शाखा के ई-चालान द्वारा प्रवेश परीक्षा शुल्क जमा करने की अन्तिम तिथि 27 सितम्बर है। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर आवेदन पत्र उपलब्ध होने की अन्तिम तिथि 28 सितम्बर है। प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन पत्र की हार्डकॉपी को स्व प्रमाणित संलग्कों सहित निदेशक, अनुसंधान संस्थान, सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के पते पर पंजीकृत डॉक से प्राप्त होने की अन्तिम तिथि-04 अक्टूबर 2021 निर्धारित की गई है। विश्वविद्यालय की ऑनलाइन वेबसाइट पर प्रवेश-पत्र उपलब्ध होने की तिथि 22 अक्टूबर और प्रवेश परीक्षा तिथि 27 अक्टूबर निर्धारित है।
