Monday, February 9, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंवेदनशीलता से किसानों के जीवन की गरिमा बढ़ रही लगातार : सूर्य...

संवेदनशीलता से किसानों के जीवन की गरिमा बढ़ रही लगातार : सूर्य प्रताप शाही

-सम्मान निधि की किश्त जारी करने के समय कृषि मंत्री ने माती गांव में किसानों को किया संबोधित

लखनऊ(हि.स.)। प्रधानमंत्री द्वारा पीएम किसान सम्मान निधि की 14वीं किश्त जारी करने के अवसर पर कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही लखनऊ के माती गांव, विकासखंड सरोजनी नगर में किसानों को संबोधित किया। कृषि मंत्री ने इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद ज्ञापित किया और कहा कि कृषि तथा किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता से किसानों के जीवन की गरिमा लगातार बढ़ रही है।

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 14वीं किश्त से उत्तर प्रदेश के कुल 1.86 करोड़ कृषक लाभान्वित होंगे। इनके बैंक खातों में दो हजार रुपये प्रति 4 माह की दर से कुल 4167.41 करोड़ रुपये धनराशि स्थानांतरित की जाएगी।

उन्होंने कहा कि आज किसानों को बीज से लेकर व्यापार तक की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है। सोलर सिंचाई पंप पर 30 प्रतिशत राज्य सरकार, 30 प्रतिशत केंद्र सरकार के द्वारा अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलें अच्छा उत्पादन दे रही हैं। उनकी लागत भी कम है। उन्होंने कहा कि ज्वार ,बाजरा सावां, कोदो, रागी को किसान भाई लगाए, लखनऊ का बाजार निकट है। उन्हें अच्छा दाम भी प्राप्त होगा तथा इसकी खेती में लागत भी कम आएगी ।

सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि इस वर्ष 60000 किसानों को अन्न के नि:शुल्क मिनीकिट का वितरण किया गया। खरीफ के सभी फसलों के साथ-साथ श्री अन्न के फसलों का भी न्यूनतम समर्थन मूल्य पहले से जारी है, जिससे किसान भाई उसकी खेती कर अपनी आमदनी अच्छी करें। मक्के की खेती करें क्योंकि मक्का की फसल खरीफ रबी जायद तीनों सीजन में अच्छी उत्पादन देती है। भुट्टे के रुप में किसान भाइयों को अच्छी आमदनी होगी। इसके साथ ही किसान दलहन तिलहन की खेती करें इसमें लागत कम है मूल्य अच्छा मिलता है। सरकार ने गांव के भीतर ही रोजगार की व्यवस्था कराई है उसका लाभ लें।

रासायनिक खादों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि डीएपी एवं यूरिया का प्रयोग कम करें। अधिक प्रयोग से जमीन बंजर हो रही है। खेतों में ढैचे का प्रयोग करें, जिप्सम तथा ढैंचे दोनों पर कृषि विभाग से अनुदान मिल रहा है उसका लाभ उठावें। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री ने सल्फर कोटेड यूरिया का शुभारंभ किया है। इसका प्रयोग करें। इससे यूरिया की बचत होगी और भरपूर उपयोग होगा, यूरिया के नुकसान भी कम होंगे। उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक पेड़ लगाने की अपील की। इससे जलवायु परिवर्तन के खतरों को नियंत्रित किया जा सकता है। इस अवसर पर मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने पांच पेड़ पीपल, बरगद, आंवला, गूलर तथा आम के लगाएं तथा अन्य किसानों ने भी लगभग 100 पेड़ लगाए।

उपेन्द्र/पदुम नारायण

RELATED ARTICLES

Most Popular