संभल । उत्तर प्रदेश में भी अपनी पार्टी की जड़ें जमाने के लिए सूबे का लगातार दौर कर छह माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे एआईएमआईएम के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने गुरुवार को यहां एक बार फिर केन्द्र की मोदी और राज्य की योगी सरकार पर जमकर व्यंग्यबाण चलाये। उन्होंने योगी सरकार द्वारा लाये गये जनसंख्या नियंत्रण कानून का विरोध करते हुए कहा कि जनसंख्या को ताकत बनाने के बजाए सरकार कमजोरी बना रही है। इस कानून से महिलाओं का शोषण होगा और गर्भपात की दर बढ़ेगी।
गुरुवार को संभल के चैधरी सराय पहुंचे असदुद्दीन ओवैसी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव है। अभी से ही तैयारियां की जा रही हैं। इसी सिलसिले में संभल में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। इस दौरान ओवैसी ने केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि 56 इंच के सीने वाले प्रधानमंत्री के सामने मुख्यमंत्री अपनी चला रहे हैं। जबकि जनसंख्या नियंत्रण कानून अर्टिकल 21 के खिलाफ है। जनसंख्या नियंत्रण विधेयक को महिलाओं के खिलाफ बताते हुए कहा कि यदि कानून बना तो विशेषज्ञ बताते हैं कि इससे महिलाओं का शोषण बढ़ेगा। बच्ची पेट में होने की जानकारी होते ही लोग गर्भपात करा देंगे। इस कानून से महिलाओं को निशाना बनाया जाएगा। प्रधानमंत्री द्वारा मुख्यमंत्री की तारीफ करने वाले सवाल पर ओवैसी ने सीधा जवाब नहीं दिया। बल्कि कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री असदुद्दीन ओवैसी के मजनू बने हुए हैं। लैला को भूलते ही नहीं। हर कार्यक्रम में नाम लेते हैं। उन्होंने सरकार पर रोजगार नहीं देने का भी आरोप लगाया। साथ ही कहा कि सरकार शिक्षा दे नहीं पा रही है और स्वास्थ्य सेवाएं बेहाल हैं। कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में हजारों लोगों ने जान गंवा दी।
संभल : जनसंख्या नियंत्रण कानून से बढ़ेगा गर्भपात-ओवैसी
RELATED ARTICLES
