Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंपूर्णानंद स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक प्लेग्राउंड कार्य में लापरवाही, अफसरों पर पड़ा...

संपूर्णानंद स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक प्लेग्राउंड कार्य में लापरवाही, अफसरों पर पड़ा भारी

जिलाधिकारी ने यूपीपीसीएल परियोजना प्रबंधक, एई व जेई को तत्काल निलम्बन के लिए शासन से की संस्तुति

वाराणसी (हि.स.)। सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में निर्माणाधीन सिंथेटिक प्लेग्राउंड कार्य में लापरवाही बरतना यूपीपीसीएल के अफसरों को भारी पड़ गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने परियोजना प्रबंधक, एई व जेई को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किए जाने के लिए शासन से संस्तुति की।

इसके साथ ही सम्बंधित ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किए जाने के साथ ही उससे धनराशि की रिकवरी आरसी काटकर किए जाने का भी निर्देश दिया है। उन्होंने यूपीपीसीएल प्रबंध निदेशक को 3 दिन के अंदर वाराणसी आकर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने हेतु भी कहा है। जिलाधिकारी अपने कैंप कार्यालय में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं के प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने राजकीय निर्माण निगम के अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि सीर गोवर्धन में निर्माणाधीन कार्य युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर तत्काल पूरा कराएं। इसका प्रधानमंत्री के हाथों लोकार्पण होना है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग सहित अन्य कार्यदाई संस्थाओं को सड़कों को पूरी तरह गड्ढा मुक्त किए जाने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को भी उन्होंने अपने निर्माणाधीन कार्यों को युद्ध स्तर पर अभियान चलाकर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराए जाने का निर्देश दिया। बैठक में सीपीडब्ल्यूडी, पीडब्ल्यूडी सहित अन्य कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

श्रीधर

RELATED ARTICLES

Most Popular