– आखिर कब होगी सड़क मरम्मत, तय समय सीमा के बाद भी नहीं भरे सड़कों के गड्ढे
औरैया (हि.स.)। प्रदेश में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिए 15 नवंबर के बाद तीस नवंबर की डेट शासन द्वारा तय की गई है। लेकिन लास्ट डेट तक भी ग्रामीण इलाके की सड़कों की मरम्मत होना मुश्किल लग रहा है, क्योंकि अभी तक सड़क निर्माण का कार्य शुरू ही नहीं हुआ है। जिससे लोग दुश्वारियां झेलने को विवश हैं।
औरैया जिले के सहार ब्लाक के घसापुरवा-ढिकियापुर संपर्क मार्ग की हालत एक दशक से अधिक समय से भी जर्जर पड़ी है। बोल्डर ऊखड़ जाने से बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिस पर राहगीरों का पैदल चलना भी मुश्किल भरा है। ढिकियापुर गांव में सौ मीटर सड़क तो दलदल में तब्दील हो गई है। जहां जल निकासी न होने पर सड़क पर दो-दो फुट गंदा पानी भरा है। जहां स्कूली बच्चे और दिव्यांग लोगों को भरे कीचड़ से निकलना पड़ा रहा। यहां सिस्टम की लापरवाही से न तो सड़क मरम्मत ही की जा रही है और न हीं जलभराव खत्म करने को नाली का निर्माण कराया गया है।
क्षेत्रीय जनता ने समस्या के निराकरण के लिए पीडब्ल्यूडी अधिकारियों, जिला मुख्यालय से लेकर तहसील प्रशासन तक से गुहार लगाई लेकिन आज तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिससे ग्रामीण आवागमन की समस्या से जूझ रहे हैं।
रसूलाबाद-लहरापुर-औरैया वाया कंचौसी मुख्य मार्ग पर कंचौसी रेलवे क्रासिंग और प्लास्टिक सिटी में सालों से गड्डे सड़क की शोभा बढ़ा रहे हैं। यही हाल कंचौसी-समाधान पुरवा, कंचौसी-दिबियापुर कैनाल पटरी मार्ग का है। जहां निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और पालीटेक्निक कालेज जैसे संस्थान स्थित हैं फिर भी सड़क मरम्मत नहीं हुई। आखिर में पीडब्ल्यूडी मंत्री और मुख्यमंत्री द्वारा सड़क मरम्मत की दी गई एक डेट लाइन तो निकल गई और दूसरी तारीख भी करीब है लेकिन यहां जिम्मेदार विभागों के अधिकारियों ने अभी तक सड़क मरम्मत का कोई काम शुरू ही नहीं कराया है।
जिले में जर्जर सड़कों को लेकर पीडब्ल्यूडी विभाग के एक्सईएन का कहना है कि सड़कों का मरम्मतीकरण तेजी से कराया जा रहा है। गांवों के सम्पर्क मार्ग जो मुख्य मार्गों से जोड़ें हैं, उन्हें चिन्हित कर मरम्मत और सुगम बनाने की दिशा में काम कराया जाएगा।
सुनील
