Saturday, February 14, 2026
Homeउत्तर प्रदेश संपत्ति विवाद के चलते चाचा ने भतीजे और बहू को मार डाला

 संपत्ति विवाद के चलते चाचा ने भतीजे और बहू को मार डाला

मुरादाबाद(हि.स.)। भगतपुर थाना क्षेत्र के परशुपुरा बाजे गांव में संपत्ति विवाद के चलते चाचा ने अपने भतीजे और उसकी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। रविवार की सुबह आरोपित चाचा थाने पहुंचकर अपना जुर्म कबूल कर लिया। दोहरे हत्याकांड की सूचना पर डीआईजी, एसएसपी, एसपी देहात मौके पर पहुंच गए और घटना के बावत जानकारी ली।

जनपद के थाना भगतपुर क्षेत्र के परशुपुरा बाजे गांव में वरुण कुमार (25) अपनी पत्नी बबीता (24) के साथ रहता था। वरुण गांव के पास ही एक मोबाइल की दुकान में मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता था। उसके घर के पड़ोस में निजी स्कूल में शिक्षक उसके चाचा प्रशांत ठाकुर अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनका भतीजे से काफी समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार सुबह चाचा प्रशांत ने थाना भगतपुर पहुंचकर पुलिसकर्मियों को बताया कि आधी रात को उसने अपने भतीजे वरुण और उसकी पत्नी बबीता की गला रेतकर हत्या कर दी है। पुलिस आरोपित को हिरासत में लेकर घटनास्थल पहुंची और वहां देखा की वरुण और उसकी पत्नी बबीता का शव घर के अंदर खून से सना हुआ पड़ा था।

थाना भगतपुर प्रभारी ने दोहरे हत्याकांड की सूचना तुरंत आला अधिकारियों व फारेंसिक टीम को दी। सूचना मिलते ही पुलिस उपमहानिरीक्षक मुनिराज जी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा, पुलिस अधीक्षक देहात संदीप मीणा फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आसपास के लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। डीआईजी ने बताया कि पूछताछ के दौरान आसपास के लोगों ने बताया कि संपत्ति विवाद के चलते चाचा प्रशांत और भतीजे वरुण में कहासुनी होती रहती थी।

शनिवार के दिन भी कई बार दोनों के बीच झड़प हुई। मारपीट तक की नौबत आ गई थी। गांव के लोगों ने दोनों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया था। फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

निमित/दीपक/दिलीप

RELATED ARTICLES

Most Popular