Saturday, April 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान

संदिग्ध परिस्थितियों में युवक ने फांसी लगाकर दे दी जान

– पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा

औरैया(हि.स.)। सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम अजनपुर में शुक्रवार को ग्रामीणों ने एक पेड़ पर युवक का शव लटका हुआ पाया। शव लटके होने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की तथा मोबाइल से मिले नम्बर के आधार पर उसके परिजनों को जानकारी दी। तब युवक की शिनाख्त हो सकी।

जनपद फिरोजाबाद के नगला रामलाल निवासी कुलदीप 25 वर्ष पुत्र सोनेलाल का कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जिसके चलते बीते एक माह पूर्व दोनों द्वारा शादी कर ली गई और युवती युवक के साथ उसके घर पर रहने लगी। युवती के गायब होने के उपरांत परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराई गई। गत दिनों युवती के परिजनों को जानकारी मिली कि उनकी पुत्री फिरोजाबाद में युवक के साथ रह रही है। इस पर वह लोग पहुंचे और जबरन अपनी पुत्री को घर ले आए। जैसे ही इसकी जानकारी कुलदीप कुमार को हुई तो वह भी अपना सामान लेकर औरैया की ओर निकल आया और रास्ते में ग्राम अजनपुर के समीप एक पेड़ में लटककर उसने आत्महत्या कर ली।

मामले की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने पड़ताल करते हुए उसके पास मिले मोबाइल से उसके परिजनों को सूचना दी। तब मामले की पूरी जानकारी हो सकी। घटना की सूचना पाकर सीओ सिटी प्रदीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। वह लोग वहां से निकल चुके हैं। बताया कि मृतक के परिजनों के आने के उपरांत ही घटना की सम्पूर्ण जानकारी हो सकेगी।

सुनील

RELATED ARTICLES

Most Popular