जौनपुर (हि.स.)। चंदवक थाना अंतर्गत चंदवक नदी के पुराने पुल के पास झाड़ियों में एचडीएफसी बैंक कर्मी की संदिग्ध हालत में गोली लगने मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच करते हुए मृतक की पहचान कर परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए मामले में छानबीन शुरु कर दी है।
जानकारी के मुताबिक मुकेश त्रिपाठी 28 वर्ष पुत्र राजेश त्रिपाठी निवासी खैरुद्दीनपुर रेलवे कॉलोनी मड़ियाहूं एचडीएफसी की चंदवक शाखा में पर्सनल बैंकर्स पद पर कार्यरत थे। बैंक कर्मी का शव बीती रात संदिग्ध परिस्थितियों में आज़मगढ़-वाराणसी मार्ग पर बरमलपुर गांव के पास चंदवक नदी के पुराने पुल के पास किनारे झाड़ियों में मिला। पुल पर खड़ी मोटर साइकिल और लहुलूहान हालत में युवक का शव देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कर परिजनों को घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे चंदवक थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि घटनास्थल के आसपास जांच की गई है। मृतक के पास से एक अवैध पिस्टल व खोखा बरामद हुआ है।
क्षेत्राधिकारी केराकत गौरव शर्मा ने शुक्रवार को घटना के संबंध में बताया कि सर्किल क्षेत्र के एक गांव में युवक की नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिली है। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन की है। मृतक के पास से बैग, पर्स, मोबाइल मिले हैं। उसके पास से पिस्टल और खोखा भी बरामद हुआ है। परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम भेज दिया गया है। घटना में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
विश्व प्रकाश/मोहित
