Sunday, March 29, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंदिग्ध आतंकी का ओवैसी की पार्टी से कनेक्शन, आजमगढ़ में गरमाई सियासत

संदिग्ध आतंकी का ओवैसी की पार्टी से कनेक्शन, आजमगढ़ में गरमाई सियासत

– भाजपा ने एआईएमआईएम को जेहादियों का अड्डा करार दिया

– सपा ने भाजपा और एआईएमआईएम को एक सिक्के के दो पहलू बताया

आजमगढ़ (हि.स.)। जनपद से गिरफ्तार आईएसआईएस का संदिग्ध आतंकी सबाउद्दीन का ओवैसी की पार्टी से कनेक्शन सामने आने के बाद अब यहां की सियासत गरमा गई है। इस मुददे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जहां ओवैसी की पार्टी को घेरा है तो वहीं समाजवादी पार्टी (सपा) ने एआईएमआईएम और भाजपा को एक सिक्के के दो पहलू बताया है।

इस पर भाजपा जिला महामंत्री ब्रजेश यादव ने एआईएमआईएम को जेहादियों और आतंकियों का अड्डा करार देते हुए कहा कि ओवैसी की पार्टी का असली चेहरा सामने आया है, ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ओवैसी की पार्टी में इस तरह के तमाम लोग हैं जो जेहादी और आतंकवादी विचारधारा रखते हैं, ऐसे लोगों की खोजबीन होनी चाहिए। पार्टी के संदिग्ध नेताओं की जांच कराकर कार्रवाई होनी चाहिए। चुनाव आयोग को एआईएमआईएम की मान्यता रद्द करनी चाहिए क्योंकि उनके जहरीले बोल देश में आतंकवादी पैदा कर रहे हैं। देश में ओवैसी की पार्टी आतंकियों व जेहादियों की पनाहगार बनी गई है।

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता अशोक कुमार यादव ने भाजपा पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा और एआईएमआईए एक सिक्के के दो पहलू हैं। ओवैसी की पार्टी ने हमेशा भाजपा की बी टीम के रूप में काम किया है। चुनावों में इसकी झलक सभी ने देखी है। आतंकी के गिरफ्तारी के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और वह जिसके भी संरक्षण में था उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

उप्र एटीएस ने आईएसआईएस आतंकी संगठन के संदिग्ध आतंकी सबाउद्दीन को मुबारकपुर के अमिलो स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया था। एटीएस ने खुलासा किया है कि वह स्वतंत्रता दिवस पर देश में बड़े धमाके की साजिश रच रहा था। उसके पास से आईईडी बनाने का सामान भी बरामद हुआ था, उसका संबंध ओवैसी की पार्टी से है और विधानसभा चुनाव-2022 में वह सक्रिय भूमिका में था। आतंकी सबाउद्दीन भारत में आईएसआईएस जैसा संगठन खड़ा करने की कोशिश में जुटा था और उसके इरादें देश के प्रति बेहद खतरनाक थे।

राजीव/दीपक

RELATED ARTICLES

Most Popular