लखनऊ(हि.स.)। समाजवादी पार्टी मुख्यालय लखनऊ में बुधवार को संत रविदास की जयंती सादगी के साथ मनाई गई। समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यालय में संत रविदास के चित्र पर पूर्व मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने पुष्पांजलि अर्पित किया।
राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि संत रविदास की समता, बंधुत्व, सौहार्द और ऊंच-नीच के विरोध की विचारधारा को अपनाने और आगे बढ़ाने के लिए समाजवादी पार्टी प्रतिबद्ध हैं। यही वह रास्ता है जिससे समाज में एकता आ सकती है। सपा नेता ने कहा कि संत रविदास ने अपना कोई पंथ स्थापित नहीं किया किन्तु उनके अनुयायी देश के हर हिस्से में मिलते हैं। गुरु ग्रंथ साहिब में भी उनके पद संग्रहीत है। मीराबाई सहित अनेक महिलाओं के लिए संत प्रवर ने अध्यात्म के मार्ग खोले। वे कहते थे कि श्रम की प्रतिष्ठा और श्रम साधना ही संसार में सुख शांति का सरल साधन है। भक्ति और सत्संग में रमे रहने के बावजूद वे आजीविका के लिए पुश्तैनी धंधा करते रहे थे।
इस अवसर पर रामसागर यादव, विजय सिंह, राम हृदय राम, एस.के. राय, मनोज पासवान, कमलेश भारती, संजीव इर्जन, धर्मवीर पासवान व चिंता यादव सहित अन्य प्रमुख लोग उपस्थित रहे।
बृजनन्दन
