Friday, April 3, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसंजीत अपहरण व हत्याकांड : बर्रा थाना जांच के लिए पहुंची सीबीआई...

संजीत अपहरण व हत्याकांड : बर्रा थाना जांच के लिए पहुंची सीबीआई टीम

— पुलिस आयुक्त से मिलकर सीबीआई टीम पहुंची बर्रा थाना

कानपुर (हि.स.)। बर्रा के चर्चित संजीत अपहरण और हत्याकांड के 16 माह बाद अब मामला सीबीआई के हाथों सौंप दिया गया है। शुक्रवार को दो सदस्यीय सीबीआई की टीम शहर पहुंची और सबसे पहले टीम पुलिस आयुक्त असीम अरुण से मिली। इसके बाद टीम बर्रा थाना पहुंची और एक-एक बिन्दु पर जांच करेगी।

बर्रा के लैब टेक्नीशियन संजीत यादव पिछले वर्ष 22 जून को नर्सिंग होम जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं आया और 23 जुलाई को पुलिस ने हत्या का खुलासा कर दिया। पुलिस ने खुलासे में बताया गया कि संजीत नर्सिंगहोम से लौटने के दौरान दोस्त की बर्थडे पार्टी में चला गया और साथियों ने उसका अपहरण कर लिया था। रतनलाल नगर के किराए के मकान में बंधक बनाकर रखा था। 26 जून की रात को हत्या करने के बाद शव को बोरी में भरकर फत्तेपुर गोही स्थित लोहे वाले पुल से पांडु नदी में फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। सभी आरोपित जमानत पर जेल से छूट चुके हैं।

सीबीआई से परिजनों को न्याय की उम्मीद

संजीत अपहरण और हत्याकांड को 16 माह बीत चुके हैं। इस दौरान परिजन बराबर अधिकारियों से गुहार लगाते रहे कि खुलासा फर्जी है। परिजनों को पुलिस से न्याय की उम्मीद टूट गई और सीबीआई की मांग करते रहे। क्योंकि पुलिस आज तक संजीत के शव को नहीं खोज पाई और न ही फिरौती में दिये गये 30 लाख रुपये का सही जवाब दे सकी। जबकि परिजनों का कहना है कि पुलिस के कहने पर 30 लाख रुपये एकत्र किये गये और पुलिस ने बैग में रखकर अपहरणकर्ताओं को पहुंचाने की जिम्मेदारी ली थी। हालांकि मामले में पुलिस की भारी लापरवाही पर तत्काली एसपी दक्षिण सहित आठ पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। अब 16 माह बाद मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है। शुक्रवार को सीबीआई की दो सदस्यीय टीम शहर पहुंची यहां से टीम पहले पुलिस आयुक्त असीम अरुण से मिलने पहुंची। पुलिस आयुक्त ने सीबीआई टीम को वाहन और फोर्स मुहैया कराई। जिसके बाद दोपहर में टीम बर्रा थाने पहुंची। यहां थाना प्रभारी के कक्ष में बैठकर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान थाना प्रभारी बाहरी बरामदे में थाने में आने वाले फरियादियों को सुनते रहे। पौन घंटे तक लैपटाप पर काम करने के बाद सीबीआई टीम के डिप्टी एसपी रैंक के अधिकारी मुंशियाने पहुंचे। जहां उन्होंने ने मुंशियाने में बैठ कर संजीत अपहरण कांड के समय की जनरल डायरी (जीडी) खंगालनी शुरू की। यहां पर सीबीआई टीम उन सभी बिन्दुओं की गहन जांच करेगी जिन बिन्दुओं की परिजन मांग कर रहे हैं और पुलिस पर आरोप लगा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular