Wednesday, March 4, 2026
Homeउत्तर प्रदेश संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश

 संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं में आक्रोश

लखनऊ(हि.स.)। आम आदमी पार्टी की उत्तर प्रदेश व जिला इकाईयों के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में राज्यसभा सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर बेहद आक्रोश है। शराब घोटाले में आरोपी संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद उत्तर प्रदेश के सियासी दलों ने भी अपनी प्रतिक्रियाएं दी है।

आआपा के प्रदेश प्रवक्ता विकास शर्मा ने अपने बयान में कहा कि केन्द्र की सरकार वर्तमान इंडिया गठबंधन से घबरायी हुई है। इसके लिए आम आदमी पार्टी के नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरेंगे और पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेंगे।

संजय सिंह के पक्ष में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि संजय सिंह की गिरफ्तारी के पीछे मंसूबा सही नहीं है। जो भी हो रहा है, ये इंडिया गठबंधन को कमजोर करने की साजिश है। इंडिया गठबंधन बनने के बाद से ही लगातार गठबंधन के नेताओं के पीछे जांच एजेंसियां लगी हुई हैं।

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने संजय सिंह के पक्ष में ट्वीट कर कहा कि देश के लिए भाजपा वाले कभी स्वयं तो जेल गये नहीं, इसीलिए इन्हें ये नहीं पता कि हमारे देश में जेल का डर दिखाकर जीत हासिल नहीं की जा सकती। धमकीजीवी भाजपा जाने वाली है।

लखनऊ, फिरोजाबाद, आगरा, फतेहपुर, कानपुर जैसे जनपदों में संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आआपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है। फिरोजाबाद के जिला महासचिव धर्मेन्द्र ने एक बयान में कहा कि 2024 में लोकसभा का चुनाव है। इसके लिए जांच एजेंसियों का उपयोग किया जा रहा है। दिल्ली से जुड़े नेताओं पर शिकंजा कसा जा रहा है। संजय सिंह के गिरफ्तार होने पर उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में निराशा और आक्रोश दोनों ही व्याप्त है।

आआपा के प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत ने कहा कि ईडी की कार्रवाई केन्द्र के इशारे पर है। संजय सिंह जो उत्तर प्रदेश में रणनीति बना रहे थे और लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा सीटों पर हमारी मजबूती से उतरने की तैयारी थी। उस पर रोक लगाने की साजिश है। संजय सिंह को फंसाया जा रहा है।

शरद/बृजनंदन

RELATED ARTICLES

Most Popular