प्रयागराज (हि.स.)। अयोध्या में 22 जनवरी को श्री राम जन्मभूमि पर भगवान श्रीराम के प्राण प्रतिष्ठा की तर्ज पर प्रयागराज में भी राम उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इसके लिए विशाल तैयारी कर ली गई है।
कार्यक्रम के संयोजक लालू मित्तल ने बताया कि 22 जनवरी को पूरे सिविल लाइंस हनुमान मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। जिसमें विशेष प्रकार की रोशनी, ध्वज होगी। विशेष आकर्षण अत्यंत कठिन परिश्रम से बनाई गई राम मंदिर मॉडल को दर्शन करने के लिए प्रांगण में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का शुभारम्भ सुबह 10 बजे से सिविल लाइंस हनुमान मंदिर में 11 हजार दीप जलाकर किया जाएगा और सुंदर कांड का पाठ मुम्बई के संगीतकारों द्वारा प्रारम्भ कर दिया जाएगा। मंदिर में एक विशाल एलईडी लगाई जाएगी जिसमें प्राण प्रतिष्ठा अयोध्या का सजीव प्रसारण सामूहिक रूप से सभी लोग देखेंगे। 12ः32 शुभ मुहूर्त में प्राण प्रतिष्ठा के उपरांत भंडारा होगा, जो अनवरत चलता रहेगा। सूर्यास्त के बाद शाम 6 बजे से शानदार आतिशबाजी की जाएगी और 500 वर्षों बाद दूसरी दिवाली के रूप में मनाया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक दीपक अग्रवाल ने इस विशेष दिन पर नगर के सभी को आमंत्रित करने की बात करते हुए बताया कि इस अवसर पर इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायाधीश, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, चिकित्सक, लायन क्लब, रोटरी क्लब, इनर व्हील क्लब, प्रयाग केमिस्ट एसोसिएशन और आम जनमानस की सहभागिता होगी।
प्रचार प्रसार का कार्य देख रहे अमरेंद्र सिंह ने बताया कि इस विशेष मौके पर अनेक लोगों को आमंत्रण पत्र भेजा गया है। जिसमें अनेक महामंडलेश्वर, साधु संत, मंदिरों के पुजारी आदि शामिल हैं। किन्नर अखाड़ा आचार्य महामंडलेश्वर लक्ष्मी नारायण त्रिपाठी से विशेष मुलाकात कर उनको इस कार्यक्रम में अतिथि के रूप में आने का निमंत्रण दिया गया है, इस पर उन्होंने अपनी सहमति व्यक्त की है।
प्रयागराज के जनप्रतिनिधियों में कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, सांसद रीता बहुगुणा जोशी, केसरी देवी पटेल, महापौर गणेश केसरवानी, पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नंदी आदि अनेक लोग उपस्थित रहेंगे।
विद्या कान्त/मोहित
