लखनऊ(हि.स.)। अपना दल(एस) की अध्यक्ष और केंद्रीय वाणिज्य व उद्योग राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सोमवार को लखनऊ में पार्टी कार्यालय पहुंचते ही कार्यकर्ताओं को हाथ जोड़े और उनकी ओर से किया गया स्वागत स्वीकार किया।
केंद्रीय राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल दो दिनों के दौरे पर लखनऊ आयी हैं। वह सोमवार को पार्टी कार्यालय पहुंची और कार्यकर्ताओं से कहा कि बिना टिकट की चाहत किये पार्टी की मजबूती के लिए जमकर कार्य करें। इसके पूर्व अनुप्रिया पटेल अपने वाहन से उतरते ही कार्यकर्ताओं के सामने हाथ जोड़कर खड़ी हो गयी। कुछ मिनटों तक हाथ जोड़े रहीं और मुस्कुराते हुए कार्यकर्ताओं की ओर देखा। इसके बाद केंद्रीय राज्यमंत्री अपना दल(एस) के अध्यक्ष कक्ष में गयीं और वहां कार्यकर्ताओं से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना।
अपना दल(एस) कार्यालय पर आयोजित कार्यकर्ताओं की बैठक में केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भाग लिया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन को और भी मजबूत करने पर जोर दिया। पार्टी पदाधिकारियों को बिना टिकट की चाहत के जमकर कार्य करने को कहा।
इस दौरान अनुप्रिया पटेल के संसदीय क्षेत्र मिर्जापुर समेत प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लोगों और पार्टी के कार्यकर्ताओं का पहुंचना हुआ।
