कानपुर (हि.स.)। टैक्स चोरी सहित तमाम गड़बड़ियों को लेकर इन दिनों सेंट्रल जीएसटी की टीम सक्रिय है। इसी के तहत मंगलवार को एक साथ कई टीमों ने श्री लगन साड़ीज के अलग-अलग प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की।
सेंट्रल जीएसटी विभाग लगातार उद्यमियों और व्यापारियों पर शिकंजा कस रहा है। टैक्स चोरी के मामले में लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में आज विभाग ने श्री लगन साड़ी के दो प्रतिष्ठानों सहित कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इस दौरान विभाग के अधिकारियों ने सभी दस्तावेजों को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है। फजलगंज, नयागंज और किदवई नगर के कार्यालय और आवास में छापेमारी की गई है। श्री लगन के नाम से कानपुर में साड़ी का बड़ा कारोबार है, फिलहाल विभाग की कार्यवाही जारी है, कार्यवाही पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगा कि कितने रुपये की टैक्स चोरी की गई है।
बताया जा रहा है कि टैक्स चोरी की सटीक सूचना पर छापेमारी की गई है और फिलहाल अधिकारी अभी कुछ बता नहीं रहे हैं। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद है।
महमूद
