Monday, April 6, 2026
Homeउत्तर प्रदेशश्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में निकला भव्य नगर...

श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में निकला भव्य नगर कीर्तन

मुरादाबाद (हि.स.)। श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष्य में महानगर में शुक्रवार को सिख समाज की ओर से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। बैंड बाजों की धुन पर निकाली गई शोभायात्रा में गतका पार्टी ने अपने करतबों से लोगों को हैरान कर दिया।

शुक्रवार को कड़ाके की ठंड और बारिश के मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह रहा। सिख समुदाय के दसवें गुरु श्री गुरु गोविंद सिंह का प्रकाशोत्सव आगामी नौ जनवरी को गुरूद्वारे में धूमधाम से मनाया जाएगा। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद लंगर बरता जाएगा।

नगर कीर्तन यात्रा में सबसे आगे पंच प्यारे चल रहे थे। इसके बाद बैंड-बाजे और गतका पार्टी चल रही थी। शोभायात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब की पालकी को फूलों से सजाया गया। इसके आगे श्रद्धालु फूलों की बारिश करते हुए झाड़ू सेवा करते हुए चल रहे थे। पालकी के पीछे स्त्री सत्संग जत्थे द्वारा गुरुवाणी का कीर्तन किया जा रहा था। छोटे बच्चे गतका पार्टी में हैरतअंगेज करतब दिखा रहे थे। जिसमें तलवारबाजी और तीरकमान का प्रदर्शन मनमोह रहा था।

गुरु गोविंद सिंह के चित्र के अलावा बच्चों की झाकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके अलावा देशप्रेम को प्रदर्शित करने के लिए एक झांकी में बच्चे सेना की वर्दी पहने हुए थे। नगर कीर्तन का यात्रा मार्ग में जगह-जगह पर पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया।

नगर कीर्तन गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा ताड़ीखाना से आरंभ होकर कोर्ट रोड, गुरहट्टी चौराहा, बाजार गंज, कोतवाली, टाउनहाल, बुध बाजार, रेलवे स्टेशन, कपूर कंपनी, हेलेट रोड हाता हुआ गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा ताड़ीखाना पहुंचकर संपन्न हुआ। समापन श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा पर हुआ। यहां पर गुरु का लंगर बरता गया।

इस मौके पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा प्रबंधक कमेटी के चेयरमैन गुरजीत सिंह चड्ढा, सेक्रेटरी राजेंद्र सिंह, लंबा सिंह, जीत सिंह पांडू, गुरुबक्खश सिंह काका आदि उपस्थित रहे।

निमित

RELATED ARTICLES

Most Popular