Friday, March 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशश्रीराम मंदिर निर्माण से होगी राष्ट्रीय स्वाभिमान की पुनः प्रतिष्ठा : विजय...

श्रीराम मंदिर निर्माण से होगी राष्ट्रीय स्वाभिमान की पुनः प्रतिष्ठा : विजय शंकर तिवारी

मेरठ (हि.स.)। विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि अयोध्या में बनने वाले दिव्य श्रीराम मंदिर के लिये देश के सभी रामभक्तों का सहयोग लिया जाएगा। इसके लिए विश्व हिन्दू परिषद देश के प्रत्येक हिस्से में श्रीराम मंदिर निधि समर्पण अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि यह अभियान 15 जनवरी से 31 जनवरी तक चलेगा।

केशव भवन स्थित विश्व संवाद केंद्र में शनिवार को प्रेसवार्ता में विहिप के केंद्रीय सह मंत्री व राष्ट्रीय प्रवक्ता विजय शंकर तिवारी ने कहा कि देश में कश्मीर से कन्याकुमारी, कटक से अटक, अरूणाचल प्रदेश, नागालैण्ड, अंडमान निकोबार, कच्छ के रेगिस्तान और लद्दाख जैसे पर्वतीय क्षेत्रों में भी निधि समर्पण अभियान चलाया जाएगा। समाज एवं कार्यकर्ताओं से आर्थिक पारदर्शिता के साथ 10 रुपये, 100 रुपये, 1000 रुपये के कूपन के माध्यम से निधि समर्पण अभियान में सहयोग लिया जाएगा। इस दौरान मंदिर से जुड़े 492 वर्षों के संघर्ष का साहित्य भी लोगों को दिया जाएगा। 
मकर संक्रांति 15 जनवरी से 31 जनवरी तक देश के चार लाख गांवों के 11 करोड़ परिवारों के 55 करोड़ रामभक्तों को इस अभियान में कार्यकर्ताओं के माध्यम से जोड़ेगा। देश की हर जाति, मत, पंथ, क्षेत्र सम्प्रदाय एवं भाषा के लोगों के सहयोग के साथ राम मंदिर एक राष्ट्र मंदिर का रूप लेगा, जिससे देश के स्वाभिमान की पुनः प्रतिष्ठा होगी। उन्होंने सभी रामभक्तों से बढ़-चढ़कर सहयोग देने का आह्वान किया। 
मेरठ प्रांत में चलेगा वृहद अभियानविजय शंकर तिवारी ने कहा कि इस कार्य के लिये हमें तन के साथ मन की भी आवश्यकता होगी। मेरठ प्रान्त में भी विश्व हिन्दू परिषद् 10841 गांवों के 32 लाख 50 हजार परिवारों के डेढ़ करोड़ रामभक्तों तक इस अभियान के माध्यम से जाएगा और श्रीराम मंदिर निर्माण में सहयोग लेगा। भगवान श्रीराम की जन्मभूमि को प्राप्त करने के लिये हिन्दू समाज ने 492 वर्षों तक संघर्ष किया। अंततः समाज की भावनाओं एवं सत्य की जांच परख कर सर्वोच्च न्यायालय ने स्वीकार किया एवं भारत सरकार को इसके लिये एक न्यास बनाने का निर्देश दिया। 
भारत सरकार ने दिया एक रुपए का अनुदानभारत सरकार ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम से न्यास बनाकर एक रुपए का अनुदान दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा पांच अगस्त को श्री अयोध्या धाम में पूजन कर निर्माण कार्य को गति प्रदान की। आज मंदिर निर्माण में देश के सर्वोच्च निर्माण कम्पनियों लार्सन एण्ड टर्बो, टाटा, आईआईटी रूड़की के इंजीनियर अपना सहयोग दे रहे हैं। सम्पूर्ण मंदिर पत्थरों का है जिसकी लम्बाई 360 फीट चैडाई 235 फीट है। मंदिर में तीन तल होंगे। प्रत्येक तल 20 फीट ऊंचा होगा। ये दिव्य मंदिर लगभग 1000 वर्षों तक गौरव पूर्ण इतिहास कहता रहेगा, वर्तमान में पूरा क्षेत्र लगभग 70 एकड़ का है। जिसमें अनेक परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है जिससे धाम में आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की परेशान का सामना ना करना पड़े। पत्रकार वार्ता में संघ के क्षेत्र संघचालक सूर्य प्रकाश टोंक, अभियान प्रमुख राजकुमार डूंगर, सह अभियान प्रमुख विजय गोयल, अभियान मंत्री अजय चौहान, प्रान्त प्रचार प्रमुख सुरेन्द्र, अभियान प्रचार प्रमुख निमेश वशिष्ठ, महानगर प्रचार प्रमुख मधुवन आर्य आदि मौजूद थे।

RELATED ARTICLES

Most Popular