ऐशबाग रामलीला की धूमधाम से निकली भरत मिलाप यात्रा
लखनऊ ( हि.स.)। लंकापति रावण के वध के पश्चात भगवान श्रीराम 14 वर्षों के वनवास के बाद भरत से मिलने के लिए वापस अयोध्या के लिए प्रस्थान किया।
गुरूवार को श्री राम लीला समिति, ऐशबाग की ओर से दोपहर भरत मिलाप यात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में घोड़ा, बग्घी में बैठे राजा-महाराजा शोभायमान हो रहे थे। बैण्ड बाजा भक्तिधुन बज रहे थे। शोभायात्रा में भगवान श्री राम, माता सीता, लक्ष्मण, हनुमान जी, भगवान शिव, माता पार्वती, राधा-कृष्ण, शबरी, अनसुइया, नल, नील, जामवन्त, इन्द्र-इन्द्राणी, यशोदा, केवट, भरत, शत्रुहन, निषादराज, परशुराम, भगवान गणेश, वाल्मीकी और तुलसीदास जी के रथ सहित कई देवी देवताओं के स्वरूप भी शोभायात्रा की शोभा बने। यात्रा में पुराने वाद्यों को भी बजाते हुए संगीतज्ञ चल रहे थे।
समिति के अध्यक्ष हरीशचन्द्र अग्रवाल और सचिव पं. आदित्य द्विवेदी की अगुवाई में यात्रा पीली कालोनी, वाटर वर्क्स रोड, कोयला मण्डी, यहियागंज चौराहा, राजाबाजार, सुभाष मार्ग, रकाबगंज, नेहरू क्रास, सिद्धनाथ मंदिर, नादान महल रोड, वर्मा बस स्टाप, धर्मध्वज मंदिर चौराहे पर पहुंची, जहां पर बहुत हर्षोल्लास से भरत मिलाप हुआ।
रथयात्रा के रास्ते में कई जगहों पर तोरण द्वार बनाए गए थे। जगह-जगह भक्तों ने भगवान श्री राम की आरती उतारी तो कहीं भगवान श्री राम को मिष्ठान, दूध और फल खिलाए गए। ग्यारह दिनों से चल रहे ’रामोत्सव-2022’ में भरत मिलाप यात्रा के बाद रामलीला का मंच भगवान श्री राम के जयघोष से गूंज उठा। भरत मिलाप और राम राज्याभिषेक प्रसंगों का मनोरम मंचन भी हुआ। अयोध्या में खुशियों की बहार आ गई। चारों ओर हर्ष का वातावरण व्याप्त था।
लीला मंचन के समय पुष्पवर्षा से ऐसा लग रहा था कि मानो आकाश से पुष्पों की वर्षा हो रही हो। इसी खुशी के वातावरण में भगवान श्री राम का राज्याभिषेक हुआ, भगवान श्री राम के साथ माता सीता राजगद्दी पर विराजमान हुयीं। लक्ष्मण, भरत, शत्रुहन, हनुमान जी, राजा दशरथ की रानियाें संग तमाम अयोध्यावासियों ने भगवान श्री राम की जयकार करते हुए पुष्पों की वर्षा की। लीला देख रहे दर्शकों की आंखें नम हो गई।
राम राज्याभिषेक के दौरान शमशुर्रहमान नवेद के निर्देशन में राम आए अवध की ओर सजनी और सुस्वागतम सुस्वागतम गीतों पर खुशी, अश्विनी, पंकज, आकृति, देवांशी, अभिलाषा, अनुष्का, यशिका और कृति ने अपने भावपूर्ण अभिनय युक्त नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों को भाव विभोर कर दिया।
शैलेंद्र मिश्रा
