लखनऊ (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर पुलिस महानिदेशक मुकुल गोयल ने मन्दिरों की सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के निर्देश दिए हैं। कहा कि कोरोना महामारी के नियमों का सभी स्थानों पर सख्ती से पालन किया जाये। उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाये।
डीजीपी ने चार जिलों के पुलिस कमिश्नर और अन्य जनपदों के पुलिस कप्तानों को शांतिपूर्ण तरीके से श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व मनाये जाने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए पुलिस प्रशासन को जो भी कदम उठाने हो वो कानून और जनता के हित को देखते हुए उठा सकता है।
कहा कि समस्त पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर दिये गये निर्देशों का प्रभावी अनुपालन कराना सुनिश्चित करें। पुलिस द्वारा वाहनों पर लाउडस्पीकर आदि के माध्यम से सोशल डिस्टेंसिंग व मॉस्क धारण करने हेतु लोगों को जागरूक किया जाये। सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों जैसे-फेसबुक, इंस्टाग्राम, ट्विटर एवं व्हाट्सएप आदि पर सतर्क दृष्टि रखी जाये। भ्रामक सूचना प्रसारित होने पर विधिक कार्यवाही करते हुए प्रभावी खण्डन किया जाये। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस पिकेट/गश्त की प्रभावी व्यवस्था की जाये।
आगे कहा कि थानावार एवं आसूचना के आधार पर साम्प्रदायिक व शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखी जाये। तद्नुसार आवश्यकता पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई की जाये। छोटी से छोटी घटना को गम्भीरता से लेते हुए समुचित एवं त्वरित रिस्पांस किया जाये। संवेदनशील क्षेत्रों पर सर्तक दृष्टि रखी जाये तथा इन क्षेत्रों में एण्टी सेबोटाज चेक, एक्सेस कन्ट्रोल तथा क्यूआरटी का व्यवस्थापन किया जाये।
