श्रीकृष्ण जन्मस्थान : रंगभरनी एकादशी पर रावल की हुरियारिनें बरसाएंगी प्रेमपगी लाठियां
मथुरा(हि.स.)। रंगभरी एकादशी पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा समिति द्वारा रंगारंग लठामार होली का आयोजन 25 मार्च को शाम किया जाएगा। जिसकी तैयारियां श्रीकृष्ण लठामार होली समिति जोरशोर से लगी हुई है। श्रीकृष्ण की नगरी में एकादशी के दिन बांकेबिहारी मंदिर, द्वारिकाधीश, गोवर्धन सहित श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर प्रांगण में सतरंगी गुलाल के बीच प्रिया-प्रियतम की लीलाएं जीवंत होगी। जिसके लिए रावल की हुरियारिनों ने अपनी लाठियां तेल में भिगोह कर तैयार कर ली है।
मंगलवार श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि की इस अलौकिक होली के लिए ढाल, बारहसिंगा, ढोल, नगाड़े तैयार कराए जा रहे हैं। तेल में भीगी हुरियारिनों की लाठियां प्रिया-प्रियतम की अलौकिक होली के लिए तैयार हो रही हैं। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु शरणानंद महाराज दोपहर दो बजे दीप प्रज्वलित कर करेंगे। महिलाओं के बैठने की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस बार संपूर्ण कार्यक्रम जन्मभूमि परिसर स्थित केशव वाटिका में होगा। कलाकारों द्वारा होली के परंपरागत लोकगीत, भजनों का गायन किया जाएगा। रावल के हुरियारे और हुरियारिन पुष्प व गुलाल की बरसात के मध्य नयनाभिराम होली को जीवंत करेंगी। लठामार होली कार्यक्रम में श्याम लोक कला मंच गोवर्धन के कलाकार शामिल होंगे।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान : रंगभरनी एकादशी पर रावल की हुरियारिनें बरसाएंगी प्रेमपगी लाठियां
RELATED ARTICLES
