-शिक्षिका द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी से सड़क दुर्घटना में मोबाइल टूटने का मांगा जा रहा है मुआवजा
श्रावस्ती। उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले के धुसवां प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के समय से स्कूल न पहुंचने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे खंड शिक्षा अधिकारी को स्कूल की शिक्षिका और उसके पति ने बंधक बना लिया। कई घंटों तक उन्हें स्कूल में बिठाकर रखा। इस दौरान शिक्षिका से खंड शिक्षा अधिकारी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। अब इस मामले का बीडिये सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। आरोप है कि शिक्षिका के पति ने खंड शिक्षा अधिकारी के साथ हाथापाई कर दी। वहीं अब खंड शिक्षा अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
श्रावस्ती जिले में तैनात बेसिक शिक्षाधिकारी इस वक्त अवकाश पर हैं। वहीं खंड शिक्षाधिकारी कृष्ण कुमार राणा को प्रभारी बीएसए बनाया गया है। 22 जुलाई को खंड शिक्षा अधिकारी व प्रभारी बीएसए गिलौला ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय धुसवां में करीब साढ़े 9 बजे जांच करने पहुंचे थे। यहां तैनात शिक्षिका शीला कुमारी अनुपस्थित मिलीं। प्रभारी बीएसए के द्वारा शिक्षिका से फोन पर समय से विद्यालय न आने का कारण पूछा, तो शिक्षिका ने रास्ते में होने की बात बताई। शिक्षिका 10 बजे पति अमित कुमार के साथ विद्यालय पहुंचीं। शिक्षिका प्रभारी बीएसए पर ये आरोप लगाते हुए भड़क गईं कि उनके द्वारा फोन करने के चलते उनका एक्सीडेंट हो गया। इस दौरान शिक्षिका के पति के द्वारा हाथापाई भी की गयी। प्रभारी बीएसए महिला शिक्षिका से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए दिखाई पड़े। वहीं वायरल वीडियो में खंड शिक्षा अधिकारी पर शिक्षिका ने धन उगाही करने का आरोप लगाया है। शिक्षिका द्वारा खंड शिक्षा अधिकारी से सड़क दुर्घटना में उसका मोबाइल टूट जाने पर उसका मुआवजा मांगा जा रहा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक अरविंद कुमार मौर्या ने कहा कि थाना सोनवा क्षेत्र का ये मामला है। एबीएसए के साथ अभद्रता करने और स्कूल में रोककर रखे जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही है।
श्रावस्ती : स्कूल की जांच करने पहुंचे एबीएसए को शिक्षिका ने पति के साथ मिलकर बनाया बंधक
RELATED ARTICLES
