-एसबीएम आवेदन प्रक्रिया हुई ऑनलाइन
गाजियाबाद (हि.स.)। स्वच्छ भारत मिशन (एसबीएम) की आवेदन प्रक्रिया को अब ऑनलाइन कर दिया गया है। जिसके बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में शौचालयों के लिए लोगों को सरकारी कार्यालयों में चक्कर काटने से मुक्ति मिल गई। अब उन्हें केवल ऑनलाइन आवेदन करना होगा, जिसके बाद तमाम औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शौचालय निर्माण के लिए धनराशि सीधे उसके खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने शनिवार को बताया कि गाजियाबाद जिले में कुल 04 ब्लाॅकों में 161 ग्राम सभाएं हैं। जहां काफी संख्या में सामुदायिक शौचालयों के अलावा व्यक्तिगत शौचालय भी सरकार के मिली धनराशि से बनवाएं गए हैं। अब तक की व्यवस्था के मुताबिक जरूरतमंद व्यक्ति द्वारा आवेदन करने के बाद ग्राम सचिव को मौके पर जाकर सर्वे करने के बाद अपनी रिपोर्ट देनी होती थी। इसके बाद ग्राम प्रधान और सचिव की रिपोर्ट देने के बाद धन स्वीकृत होता था। लेकिन अब प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन कर दी गई है।
द्विवेदी ने बताया कि पुरानी प्रक्रिया के तहत कई बार ग्राम सचिव व प्रधान मनमानी भी करते थे लेकिन व्यवस्था में इन लोगों की मनमानी नहीं चलेगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद ग्राम सचिव भौतिक सत्यापन के बाद अपनी रिपोर्ट देगा। ग्राम प्रधान भी अपनी रिपोर्ट देगा। एडीओ पंचायत व विकास खंड अधिकारी को अपने रिपोर्ट पोर्टल पर लगानी होगी। इसके बाद बैंक से सम्बंधित व्यक्ति के खाते में एक शौचालय के 12 हजार ट्रांसफर कर दिए जाएंगे और उसे कोई परेशानी नहीं होगी।
फरमान
