Friday, April 10, 2026
Homeराज्य शैली ओबेरॉय बोलीं 'केजरीवाल की 10 गारंटी को पूरा करूंगी'

 शैली ओबेरॉय बोलीं ‘केजरीवाल की 10 गारंटी को पूरा करूंगी’

नई दिल्ली (हि.स.)। दिल्ली की मेयर चुनने के बाद शैली ओबरॉय ने अपनी पहली प्राथमिकता राजधानी के विकास को बताया है। उन्होंने कहा कि हमें मिल-जुलकर दिल्ली की जनता की उम्मीद को पूरा करना है। मेयर के लिए बहुत सारी चुनौतियां होंगी, लेकिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक साथ मिलकर काम करेंगे और सभी चुनौतियों का सफलतापूर्वक हल निकाल पाएंगे। उन्होंने कहा कि हमलोग दिल्ली को स्वस्थ बनाकर दिखाएंगे और निगम चुनाव में जो वादे किए थे, उसे हर हाल में पूरा करेंगे।

शैली ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री के साथ-साथ दिल्ली की जनता, आप विधायक और पार्षदों का भी धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कल से सभी पार्षद आधिकारिक रूप से काम करने लगेंगे। तीन दिनों के अंदर कूड़े के पहाड़ के निरीक्षण का काम शुरू होगा। अरविंद केजरीवाल की 10 गारंटी पर भी काम किया जाएगा और जो सपने दिल्ली की जनता को दिखाए गए हैं, उसे पूरा किया जाएगा।

शैली ने आम आदमी पार्टी के साथ-साथ भाजपा के सभी पार्षदों का शुक्रिया किया। उन्होंने कहा कि जब तक भाजपा के पार्षदों का साथ नहीं मिलेगा, तब तक विकास नहीं हो सकता। उन्होंने भरोसा जताने के लिए सबका धन्यवाद किया। दिल्ली की साफ-सफाई को लेकर शैली ने कहा कि हमारे जितने भी पार्षद हैं, वह सभी जमीन पर उतर कर काम कर रहे हैं और अब उस में तेजी आएगी। उन्होंने भाजपा के पार्षदों को भी हरसंभव सहयोग करने की बात कही है।

शैली की जीत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ट्वीट कर बधाई दी है। उन्होंने लिखा- गुंडे हार गए, जनता जीत गई। दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) में आज दिल्ली की जनता की जीत हुई और गुंडागर्दी की हार। शैली ओबेरॉय को इस जीत पर बधाई।

दिल्ली नगर निगम चुनाव के ढाई महीने पूरे होने के बाद आखिरकार दिल्ली को अपना मेयर मिल गया है। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बुधवार को मेयर का चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इसमें आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार शैली ओबेरॉय ने बीजेपी की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को 34 मतों से हरा दिया। शैली ओबेरॉय को 150, जबकि रेखा को 116 मत मिले। इससे पहले तीन बार मेयर का चुनाव टल गया था। सबसे पहले 6 जनवरी, फिर 24 जनवरी और फिर 6 फरवरी को सदन की कार्यवाही हंगामे के चलते स्थगित कर दी गई थी। इस कारण मेयर का चुनाव बार-बार टल जा रहा था।

अश्वनी

RELATED ARTICLES

Most Popular