– मुख्यमंत्री योगी समेत,पार्टी के नेताओं ने जताया दुख
लखनऊ (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा का शुक्रवार को प्रातः लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में निधन हो गया। एसजीपीजीआई से उनके पार्थिव शरीर को प्रदेश भाजपा कार्यालय लाया गया।
प्रदेश भाजपा कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह, एमएलसी पवन सिंह चौहान, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा, प्रदेश सह कार्यालय प्रभारी चौधरी लक्ष्मण सिंह व सूरज श्रीवास्तव समेत पार्टी के नेताओं ने उन्हें भावभीनी विदाई दी। उनका अंतिम संस्कार गोण्डा स्थित निज निवास पर किया जायेगा।
कार्यालय से उनके पार्थिव शरीर को भाजपा के झण्डे में गोण्डा ले जाया गया। उनके असामयिक निधन से भाजपा के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत पार्टी के सभी नेता दुखी हैं।
मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शेष नारायण मिश्रा के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने उनके परिजनों से बात कर उन्हें ढ़ांढस बंधाया है। कहा कि ईश्वर पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दे और परिजनों को यह असीम दुख सहने की हिम्मत प्रदान करें।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के अत्यंत सरल, सौम्य एवं मृदुभाषी क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा के निधन का दुख:द समाचार प्राप्त हुआ। वह अपने सहज व्यक्तित्व व उदात्त कार्यशैली के कारण सदैव याद किए जाएंगे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे, यही प्रार्थना है।
भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री धर्मपाल ने कहा कि भाजपा अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा के आकस्मिक निधन की दुःखद सूचना प्राप्त हुई। इस दुःख के समय में ईश्वर परिवार को शक्ति प्रदान करें।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि ईश्वर शेष नारायण मिश्रा की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिजनों व समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि शेष नारायण मिश्रा का आकस्मिक निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है।
पूर्व उप मुख्यमंत्री डा. दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अवध क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्रा अत्यंत सरल, सौम्य एवं मृदुभाषी थे उनके निधन का दुख:द समाचार प्राप्त हुआ। वह अपनी निश्चल कार्यशैली के कारण सदैव याद किए जाएंगे। ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दे, यही प्रार्थना है।
बृजनन्दन
