नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार में आज लगातार तीसरे दिन कमजोरी का रुख बना हुआ है। कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण घरेलू शेयर बाजार में आज कारोबार की शुरुआत के साथ ही लगातार बिकवाली का दबाव बना हुआ है। जिसकी वजह से निफ्टी और सेंसेक्स दोनों ही सूचकांक गिरकर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने आज 53.34 अंक की मामूली कमजोरी के साथ 60,045.48 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती 10 मिनट के कारोबार में ही बाजार में बिकवाली का दबाव बनता नजर आया, जिसके कारण सेंसेक्स 60 हजार अंक से नीचे फिसल कर 59,842.91 अंक के स्तर तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद खरीदारों ने लिवाली करके बाजार को सपोर्ट देने की कोशिश की, जिसकी वजह से अगले 20 मिनट के कारोबार में सेंसेक्स सुधर कर 59,981.34 अंक तक पहुंचा। लेकिन इसके बाद बाजार में एक बार फिर बिकवाल हावी हो गए और सेंसेक्स लगातार लुढ़कता चला गया। बिकवाली के चौतरफा दबाव के कारण शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10.15 बजे सेंसेक्स 375.46 अंक की गिरावट के साथ 59,723.36 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स की तरह ही नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी आज 17.40 अंक की कमजोरी के साथ 17,991 अंक के स्तर पर कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में ही निफ्टी ने बिकवाली के दबाव में 17,864.95 अंक तक का गोता लगाया, लेकिन इसके बाद हुई खरीदारी के सपोर्ट से अगले 20 मिनट में ही निफ्टी दोबारा 17,922.85 अंक तक पहुंचने में सफल रहा। हालांकि बाजार की ये मजबूती टिक नहीं सकी और एक बार फिर शुरू हुई चौतरफा बिकवाली ने निफ्टी को भी नीचे गिरने के लिए मजबूर कर दिया। चौतरफा हो रही बिकवाली के कारण निफ्टी शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे 89.20 अंक की कमजोरी के साथ 17,849.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
आज प्री ओपनिंग सेशन में भी कमजोर ग्लोबल संकेतों के कारण भारतीय शेयर बाजार ने कमजोरी के साथ ही कारोबार की शुरुआत की। बीएसई का सेंसेक्स प्री ओपनिंग सेशन में 116.89 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की गिरावट के साथ 60,215.71 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 174.60 अंक की कमजोरी के साथ 17,938 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को सेंसेक्स 656.04 अंक की गिरावट के साथ 60,098.82 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 174.65 अंक का गोता लगाकर 18,938.40 अंक के स्तर पर अपने कारोबार का अंत किया था।
योगिता
