Wednesday, March 4, 2026
Homeव्यापारशेयर बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी जारी, लगातार चौथे दिन मजबूती के...

शेयर बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी जारी, लगातार चौथे दिन मजबूती के साथ बंद हुआ कारोबार

नई दिल्ली (हि.स.)। भारतीय शेयर बाजार के लिए मौजूदा सप्ताह अभी तक लगातार तेजी वाला सप्ताह बना हुआ है। शेयर बाजार आज लगातार चौथे दिन शानदार तेजी दिखा कर बंद हुआ।

आज बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने लगातार तीसरे दिन ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाया। इसके साथ ही इन दोनों सूचकांकों ने क्लोजिंग के भी अभी तक के सबसे ऊंचे स्तर का नया रिकॉर्ड बनाया। हालांकि कल के विपरीत शेयर बाजार में आज दिनभर लगातार उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही। शेयर बाजार कभी लिवाली के बल पर हरे निशान में कारोबार करता तो कभी बिकवाली के दबाव में लाल निशान में गिरकर भी कारोबार करता रहा।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स आज 206.87 अंक की तेजी के साथ ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाते हुए 54,576.22 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआती मिनटों में ही शेयर बाजार पर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसके कारण सेंसेक्स ओपनिंग लेवल से 345.75 अंक लुढ़क कर 54,230.89 अंक के स्तर पर पहुंच गया। इस गिरावट के बाद बाजार में खरीदारी का जवाबी दौर शुरू हुआ, जिसके कारण सेंसेक्स उछलकर दोबारा 54,600 अंक के स्तर तक पहुंच गया।

हालांकि इसके बाद बाजार में खरीदारी कम हो गई और बिकवाली का दबाव बढ़ गया। मुनाफावसूली के चक्कर में हो रही इस बिकवाली के कारण सेंसेक्स एक बार फिर लाल निशान तक पहुंचा लेकिन दोपहर 12 बजे से कुछ पहले ही बाजार में जोरदार खरीदारी शुरू हो गई, जिसके कारण सेंसेक्स ने 298.8 अंक की मजबूती के साथ 54,668.58 अंक के स्तर पर पहुंच कर एक बार फिर ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बना लिया। हालांकि उतार चढ़ाव का दौर जारी रहने की वजह से सेंसेक्स में एक बार फिर मामूली कमजोरी आई, जिसके जवाब में लेवाल भी एक्टिव हो गए और जोरदार खरीदारी कर सेंसेक्स को आज के सबसे निचले स्तर से 486.35 अंक तक उछाल दिया, जिसके कारण इस सूचकांक ने 54,717.24 अंक पर पहुंच कर आज के कारोबार के दौरान तीसरी बार ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड कायम किया। हालांकि बाद में मुनाफा वसूली और इंट्रा डे सेटलमेंट के कारण बाजार में काफी नरमी आ गई, जिसकी वजह से सेंसेक्स 123.07 अंक की मजबूती के साथ 54,492.84 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी आज की 30.05 अंक की मजबूती के साथ 16,288.95 अंक के स्तर पर खुला। शुरुआती मिनट में ही निफ्टी छलांग लगाकर 16,295 अंक के स्तर पर पहुंच गया और मंगलवार को बनाए ऑल टाइम हाई के रिकॉर्ड को तोड़ दिया। इसके बाद मुनाफावसूली के दबाव में बिकवाली बढ़ी तो निफ्टी में कमजोरी आ गई और ये सूचकांक 48.50 अंक की कमजोरी के साथ 16,210.30 अंक के स्तर पर पहुंच गया।

इस निचले स्तर पर पहुंचने के बाद बाजार में एक बार फिर खरीदारी शुरू हुई, जिससे आज निफ्टी दो बार 16,290 तक जा पहुंचा। बिकवाली के दबाव में ये सूचकांक यहां टिक नहीं सका और कमजोरी का शिकार होकर नीचे गिरने लगा। दोपहर 12 बजे के कुछ पहले बाजार में शुरू हुई तेज खरीदारी ने निफ्टी में मानों पर लगा दिए और ये सूचकांक कुलांचे भरते हुए ऊपर चढ़ने लगा। चौतरफा हो रही खरीदारी के कारण निफ्टी कुछ समय बाद ही 78.85 अंक की तेजी के साथ 16,337.65 अंक के स्तर पर पहुंच कर आज के कारोबार में दूसरी बार ऑल टाइम हाई का नया रिकॉर्ड बनाया।

हालांकि इस स्तर पर शुरू हुई बिकवाली के कारण निफ्टी में मामूली कमजोरी भी आई, लेकिन इस कमजोरी के बाद शुरू हुई लिवाली ने निफ्टी को फिर 90.65 अंक की मजबूती के साथ एक नए ऑल टाइम हाई लेवल 16,349.45 अंक के स्तर पर पहुंचा दिया। निफ्टी की ये बढ़त ज्यादा देर तक बरकरार नहीं रह पाई। शेयर बाजार में तेज मुनाफावसूली शुरू हो जाने के कारण निफ्टी में काफी कमजोरी आ गई, जिसकी वजह से ये सूचकांक सिर्फ 35.80 अंक की मजबूती के साथ 16,294.60 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

आज शेयर बाजार को आईटी सेक्टर से काफी सहारा मिला। आईटी सेक्टर में आई तेजी के कारण निफ्टी का आईटी इंडेक्स 0.76 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। इस सेक्टर में टेक महिंद्रा के शेयर में 2.75 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसी तरह ऑरेकल का शेयर भी 2.84 फीसदी चढ़कर बंद हुआ। दूसरी ओर पीएसयू बैंक सेक्टर और रियल्टी सेक्टर की कमजोरी आज दिनभर शेयर बाजार पर दबाव बनाती रही। दिन भर के कारोबार के बाद निफ्टी का पीएसयू बैंक इंडेक्स 2 फीसदी तक गिर गया वही रियल्टी सेक्टर इंडेक्स में भी 1 फीसदी की गिरावट आई।

बीएसई के सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 16 शेयर आज मजबूती के साथ कारोबार करके हरे निशान में बंद हुए। 14 शेयरों में कमजोरी आई, जिसके कारण वे लाल निशान में बंद हुए। बीएसई में आज कुल 3,351 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 1,205 शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए, जबकि 2,021 शेयर कमजोरी दिखाकर लाल निशान में बंद हुए, वहीं 125 शेयरों के दाम में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।

आज दिन भर के कारोबार के बाद दिग्गज शेयरों में से भारती एयरटेल 4.2 फीसदी, आयशर मोटर्स 3.53 फीसदी, आईटीसी 2.97 फीसदी, टेक महिंद्रा 2.57 फीसदी और टाटा स्टील 2.17 फीसदी की मजबूती के साथ आज के टॉप 5 गेनर्स की सूची में शामिल हुए। दूसरी ओर भारतीय स्टेट बैंक 3.23 फीसदी, इंडसइंड बैंक 2.35 फीसदी, आईसीआईसीआई बैंक 1.85 फीसदी, बजाज फाइनेंस 1.71 फीसदी और बजाज फिनसर्व 1.37 फीसदी की कमजोरी के साथ आज के टॉप 5 लूजर बने।

एशियाई शेयर बाजार में आज जापान के निक्केई इंडेक्स को छोड़कर आमतौर पर नरमी का रुख बना रहा। निक्केई इंडेक्स आज 0.46 फीसदी की तेजी के साथ 27,711 अंक के स्तर पर बंद हुआ। चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.31 फीसदी की कमजोरी के साथ 3,466 अंक के स्तर पर बंद हुआ है। इसी तरह हांगकांग का हेंगसेंग इंडेक्स 0.84 फीसदी की गिरावट के साथ 26,205 अंक के स्तर पर और कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 0.13 फीसदी की कमजोरी के साथ 3,276 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular