नई दिल्ली (हि.स.)। सोमवार को शानदार तेजी दिखाने के बाद आज मंगलवार को शेयर बाजार ने कमजोर शुरुआत की है। कमजोर ग्लोबल संकेतों की वजह से नेगेटिव सेंटीमेंट्स के साथ खुले शेयर बाजार में लगातार उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ है। जिसमें बिकवाली का दबाव ज्यादा नजर आ रहा है।
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के सेंसेक्स ने आज 20.82 अंक की सांकेतिक मजबूती के साथ 59,320.14 अंक से कारोबार की शुरुआत की। शुरुआती मिनट में ही सेंसेक्स में करीब 160 अंकों की गिरावट आ गई, जिसके कारण सेंसेक्स ने पहले 59160.97 अंक के स्तर पर गिरने के बाद खरीदारी के सपोर्ट से ऊपर की ओर चढ़ना शुरू किया। लेकिन 59,282.71 अंक के स्तर पर पहुंचने के बाद एक बार फिर बिकवाली का दबाव बन गया, जिसने सेंसेक्स को लुढ़का कर 59,187.93 अंक के स्तर पर पहुंचा दिया।
इस स्तर पर खरीदारों ने दोबारा जोर लगाया, तो सेंसेक्स एक बार फिर 59,287.20 अंक के स्तर पर पहुंचा, लेकिन दोबारा बिकवाली के दबाव में यहां से सेंसेक्स एक बार फिर तेजी से नीचे की ओर गिरने लगा। इस बार की गिरावट ज्यादा तेज रही, जिसके कारण सेंसेक्स शुरुआती 45 घंटे कारोबार में ही आज के ओपनिंग लेवल से 193.10 अंक गिरकर 59,127.04 अंक के स्तर पर पहुंच गया। बाजार में लगातार खरीद और बिक्री दोनों दौर जारी है, जिसके कारण सेंसेक्स में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी हुई है। खरीद बिक्री के बीच शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे सेंसेक्स 58.02 अंक की कमजोरी के साथ 59,241.30 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के निफ्टी ने भी सेंसेक्स के विपरीत 29.90 अंक की गिरावट के साथ 17,661.35 अंक के स्तर से आज के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी भी शेयर बाजार में लगातार हो रही तेज खरीदारी और बिकवाली की वजह से कारोबार की शुरुआत से ही ऊपर नीचे की गति बनाए हुए है। कारोबार की शुरुआत में ही निफ्टी ने खरीदारी के बल पर तेजी हासिल करने की कोशिश की। जिसके कारण 15 मिनट के कारोबार में ही ये सूचकांक लाल निशान को पार करके 17,693.95 अंक के स्तर पर हरे निशान में पहुंच गया। लेकिन इस स्तर पर हुई बिकवाली ने निफ्टी को दोबारा 17,666.35 अंक के स्तर पर गोता लगाने के लिए मजबूर कर दिया।
बाजार में जारी उतार चढ़ाव का अनुमान इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस गिरावट के बाद शेयर बाजार में खरीदारी ने एक बार फिर जोर पकड़ा, जिससे निफ्टी दोबारा हरे निशान में 17,694.25 अंक के स्तर तक पहुंचा और फिर वहां से बिकवाली का शिकार होकर गोता लगाते हुए करीब 53 अंक गिरकर 17,640.90 अंक तक पहुंच गया। हालांकि इसके बाद हुई खरीदारी ने निफ्टी को एक बार फिर हरे निशान के करीब पहुंचा दिया, जिसकी वजह से शुरुआती 1 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 10:15 बजे निफ्टी 12 अंक की कमजोरी के साथ 17,679.25 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को सेंसेक्स 533.74 अंक की मजबूती के साथ 59,299.32 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 159.20 अंक की गिरावट के साथ 17,691.25 अंक के स्तर पर बंद हुआ था।
आज प्री ओपनिंग सेशन में घरेलू शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की थी। बीएसई का सेंसेक्स 217.39 अंक की बढ़त यानी 0.37 फीसदी की मजबूती कमजोरी के साथ 59,516.71 अंक के स्तर पर बना हुआ था। वहीं प्री ओपनिंग सेशन में निफ्टी 0.31 फीसदी की मजबूती के साथ 55.50 अंक चढ़ कर 17,746.20 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
