नई दिल्ली (हि.स.)। शेयर बाजार में जारी उतार-चढ़ाव के कारण बने निराशाजनक माहौल और विदेशी बाजार में डॉलर की मांग में आई तेजी के कारण भारतीय मुद्रा बाजार में रुपये ने आज एक बार फिर कमजोरी के साथ कारोबार की शुरुआत की है। रुपये ने आज कारोबार की शुरूआत में कल के क्लोजिंग लेवल की तुलना में 12 पैसे कमजोरी दिखाई है।
इंटर बैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में आज रुपया डॉलर की तुलना में 12 पैसे की कमजोरी के साथ 74.26 रुपये के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत में ही डॉलर की मांग में तेजी आने के कारण रुपया थोड़ी देर में ही फिसल कर 74.29 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर आ गया।
माना जा रहा है कि शेयर बाजार की अनिश्चितता के कारण विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक (एफपीआई) आज भी बिकवाली का रुख बनाए रख सकते हैं। ऐसा होने पर दिन के कारोबार के दौरान डॉलर की मांग में और भी तेजी आ सकती है, जिसकी वजह से रुपये की कमजोरी और बढ़ सकती है।
इसके पहले पिछले कारोबारी दिन यानी बुधवार को भी रुपये ने डॉलर के मुकाबले कमजोरी का प्रदर्शन किया था। कल रुपया 8 पैसे की कमजोरी के साथ 74.14 रुपये प्रति डॉलर के स्तर पर बंद हुआ था।
