-मुख्यमंत्री के भी रहने की जतायी जा रही है संभावना
– पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण की तैयारियां जोरों पर
सुलतानपुर (हि.स.)। अयोध्या के निकट सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण से यूपी के पूर्वांचल के जिलों को रोजगार सहित तमाम विकास के रास्ते खुलेंगे। 12 नवम्बर को आसमान में वायुसेना के विमानों का ट्रायल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देखरेख में होने की संभावना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 नवम्बर को जिले के के कूरेभार स्थित अरवल कीरी में बने एयर स्ट्रिप के पास एक विशाल जनसभा को संबोधित करके लोगों को पूर्वांचल एक्सप्रेस वे का तोहफा देंगे। भाजपा के जिला प्रवक्ता विजय सिंह रघुबंशी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के पहले ही 12 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देखरेख में 12 लड़ाकू विमानों सहित छह हेलीकॉप्टर से ट्रायल होने की संभावना है ।

अरवल कीरी में बने एयर स्ट्रिप पर सेना के अधिकारी और जवान पहुंच चुके हैं। यहां से कुछ किमी दूर कूरेभार थाने में एयर ट्रैफिक सिग्नल कंट्रोलर लगा दिया गया है़।
बताया जा रहा है कि सुखोई एसयु-30 एमकेआई एयरक्राफ्ट एयर स्ट्रिप पर उतर सकता है़। लखनऊ से इसके उड़ान भरने की संभावना है़।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां जोरों पर है़। कार्यक्रम स्थल पर कई प्रशासनिक अधिकारी कैंप कर रहे हैं। आसपास के क्षेत्र में किसानों के खेतों में सीमेंट के खंभे लगाकर उसमें लोहे के कटीले तार लगाए जा रहे हैं। मैटिंग से बिछाने से लेकर कुर्सियां और बैरिकेडिंग के लिए बल्लियां लगाई जा रही हैं। एयर स्ट्रिप से सटे जिस स्थान पर प्रधानमंत्री की जनसभा होनी है़, वहाँ पर सभा के लिए 85 मीटर लंबा स्टेज बनाया जा रहा है। इसके बाद 155 मीटर लंबी गैलरी और उसके बाद 600 मीटर के स्पेस में कुर्सियां लगाई जाएंगी। लगभग 45 से 50 हजार कुर्सियां लगाने की बात आधिकारिक तौर पर बताई गई है़।
पूर्वांचल एक्सप्रेस वे जिन-जिन जिलों से होकर निकला है़ उन सभी जिलों की भीड़ प्रधानमंत्री के इस कार्यक्रम में लाने की तैयारी चल रही है़। अमेठी, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, अयोध्या, आजमगढ़ और गाजीपुर तक से कार्यक्रम में भीड़ आने की संभावना है ।
