– लगभग छह वर्षों से मंदिर में रह रहा था अधेड़
मीरजापुर (हि.स.)। चुनार कोतवाली अंतर्गत कैलहट स्थित शिवशंकरी धाम मंदिर में सो रहे अधेड़ की मंगलवार की देर रात अबूझ हाल में हत्या कर दी गई। आशंका व्यक्त की जा रही है कि बदमाशों ने अधेड़ के सिर पर किसी भारी चीज से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
ग्रामीणों के मुताबिक मृतक राधेश्याम (55) मानसिक रूप से विक्षिप्त था। वह लगभग 6 वर्षों से मंदिर में रहता था और लोगों से मिले दान से अपने भोजन आदि का प्रबंध करता था। बुधवार को जब ग्रामीण मंदिर की ओर गए तो मंदिर के बरामदे में शव देख कर स्तब्ध रह गए। हालांकि मौके से कुछ भी सामान गायब होने की सूचना नहीं है। कोतवाल गोपाल प्रसाद गुप्ता ने घटना के संबंध में स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कहां से आया था मृतक, किसी को नहीं जानकारी
मृतक राधेश्याम करीब छह वर्ष पूर्व मंदिर पर आकर रहने लगा था। गांव वालों के अनुसार वह किसी से अधिक बात नहीं करता था और मंदिर में ही रहता था। लोगों व पुजारी ने जो कुछ दे दिया, उसी से भोजन आदि का प्रबंध कर लेता था। उनकी भाषा शैली में राजस्थानी बोली का पुट था और पहनावा भी कुछ राजस्थानी था। हालांकि उसने किसी को कभी नहीं बताया कि वह कहां का रहने वाला था।
