Friday, February 13, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिवरात्रि: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

शिवरात्रि: हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजे शिवालय

मेरठ (हि.स.)। श्रावण मास की शिवरात्रि पर शुक्रवार को शिव मंदिरों में हर-हर महादेव का जयघोष गूंज उठा। कोरोना गाइडलाइन के बीच शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान आशुतोष का जलाभिषेक किया। कांवड़ यात्रा पर रोक के बावजूद बिना भगवा वस्त्र पहने बड़ी संख्या में लोग हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए।

कोरोना महामारी के कारण इस बार भी कांवड़ यात्रा पर रोक लगी रही। इस रोक के बावजूद शिवभक्तों ने कांवड़ लाने का तरीका निकाल लिया। इस बार बड़ी संख्या में कांवड़िये भगवा वस्त्रों की बजाय सादे वस्त्र पहनकर हरिद्वार पहुंचे और वहां से दोपहिया और चारपहिया वाहनों से कांवड़ लेकर आए। शुक्रवार को इन कांवड़ियों ने शिवालयों में जलाभिषेक किया। मेरठ कैंट स्थित बाबा औघड़नाथ मंदिर में शिवरात्रि के पावन अवसर पर शिवभक्तों ने जलाभिषेक किया। कोरोना गाइडलाइन के साथ मंदिर में श्रद्धालुओं को जल चढ़ाने की सुविधा दी गई। मंदिर को भव्य ढंग से सजाया गया। मंदिर प्रबंध समिति ने जलाभिषेक के लिए गंगाजल से भरे विशाल ड्रम रखवाए हैं।

मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. एमके बंसल और महामंत्री सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर परिसर में सुरक्षा की विशेष व्यवस्था की गई है। सीसीटीवी कैमरों से मंदिर को लैस किया गया है। शुक्रवार की पूरी रात्रि मंदिर श्रद्धालुओं के लिए खुला रहेगा। सदर स्थित ऐतिहासिक बिल्वेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता जल चढ़ाने के लिए लगा रहा। इसके साथ ही नगर निगम स्थित झारखंडी महादेव मंदिर, कल्याणेश्वर महादेव मंदिर, नागेश्वर मंदिर, शिव मंदिर, पिपलेश्वर मंदिर, मनोहरनाथ मंदिर, राजराजेश्वरी मंदिर आदि शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता जल चढ़ाने के लिए लगा रहा।

RELATED ARTICLES

Most Popular