फिरोजाबाद (हि.स.)। बाल संरक्षण विषय पर बालक बालिकाओं के ज्ञान एवं क्षमता वृद्धि को लेकर एक कार्यशाला का आयोजन शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय स्वयंसेवी संस्था चाइल्ड फंड इंडिया दिशा के द्वारा स्थानीय रेस्टोरेंट में किया गया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के पदाधिकारियों ने उपस्थित युवाओं एवं बालक बालिकाओं को बाल संरक्षण कानूनों के विषय में विस्तार पूर्वक जानकारी देकर ज्ञान एवं क्षमता वृद्धि की।
इस मौके पर शिक्षा विभाग की तरफ से प्रधानाचार्य भगवानदास शंखवार ने कहा कि शिक्षा ही वह संजीवनी बूटी है जो इसे अच्छी तरह ग्रहण करेगा वही सर्वशक्तिमान होगा, इसलिए हमें शिक्षित होकर अपने जीवन स्तर को इतना ऊंचा उठाना है ताकि कोई असामाजिक तत्व आपके उत्पीड़न के बारे में सोच भी न सके।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष आशीष कुलश्रेष्ठ ने बालक बालिकाओं के साथ होने वाले सामान्य गंभीर एवं जघन्य अपराध एवं इसकी रोकथाम के लिए बनाए गए कानूनों के विषय में अवगत कराया। समिति के सदस्य प्रोफेसर उग्रसेन पाण्डेय ने बालक-बालिकाओं के साथ होने वाले अपराध एवं पॉक्सो एक्ट के बारे में प्रकाश डाला।
किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य विश्व मोहन कुलश्रेष्ठ ने बालक बालिकाओं पर होने वाले अपराध एवं किशोरों द्वारा किए जा रहे अपराध दोनों का अंतर समझाते हुए कानूनी प्रावधान पर चर्चा की।दिशा संस्था की कार्यक्रम कोऑर्डिनेटर श्रीमती रेखा वर्मा ने सभी आगंतुक महानुभावों का आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर आस्था सक्सेना एवं समुदाय में बाल संरक्षण के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं तमाम बालक बालिका उपस्थित रहे।
कौशल
