Saturday, March 21, 2026
Homeउत्तर प्रदेशशिकायत लेकर आई गरीब महिला को डीएम ने चप्पल, कंबल व रेडक्रॉस...

शिकायत लेकर आई गरीब महिला को डीएम ने चप्पल, कंबल व रेडक्रॉस से 5 हजार की धनराशि उपलब्ध कराई

शीतलहर के दृष्टिगत खुले में सोने वालों को रेस्क्यू करते हुए तत्काल रैन बसेरा में भेजने के निर्देश

झांसी(हि. स.)। तहसील सदर के सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ किया जाए । गलत आख्या लगाकर निस्तारित की गई शिकायत पर सख्त कार्यवाही होगी। आज प्राप्त शिकायतों को विभागीय अधिकारी स्वयं संज्ञान में ले और निस्तारित शिकायतों का मौके पर स्वयं परीक्षण करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद सहित संपूर्ण प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप है। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी निराश्रित व्यक्ति खुले में सोता हुआ न पाया जाए, ऐसे निराश्रित/निर्बल व्यक्ति का रेस्क्यू करते हुए उसे रैन बसेरा भेजा जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान यदि कोई निराश्रित व्यक्ति ठंड से पीड़ित पाया जाए तो तत्काल उसे कंबल उपलब्ध कराये। आईजीआरएस में प्राप्त भूमि संबंधित शिकायतों के निस्तारण में लेखपालों व राजस्व कर्मी विशेष रुचि लें ताकि निस्तारण समय से हो सके।

आईजीआरएस पोर्टल पर टॉप 5 विभागों की शिकायतें प्राप्त होने और लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए विभागों के अधिकारियों से कहा कि अपने विभाग की जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, उन क्षेत्रों में स्वयं भ्रमण कर जांच करें कि किन कारणों से शिकायतें बार-बार प्राप्त हो रही हैं एवं उन शिकायतों का गुणवत्तापूर्वक प्रभावी ढंग से निस्तारण करने हेतु खुली बैठक का आयोजन करें और समस्त ग्रामीणों के मध्य शिकायतकर्ता से बात करें। जिलाधिकारी ने भूमि सम्बन्धित अवैध कब्जों की शिकायतें प्राप्त होने पर उन्होंने कहा कि लेखपाल राजस्व विभाग के मूल कार्यों में रुचि लें और अपने क्षेत्र में जायें तथा सेक्टर आदि की स्वयं नाप करें ताकि भूमि विवाद उत्पन्न ही न हो। भूमि विवाद न निपटने की स्थिति में लेखपाल 107/16 की कार्यवाही करें या धारा 145 पर भी कार्यवाही कर सकते हैं। जिलाधिकारी द्वारा शिकायतकर्ताओ की शिकायत सुनने के दौरान आई एक बुजुर्ग महिला, जिनके केवल एक पैर में चप्पल थी, को जिलाधिकारी ने तत्काल चप्पल उपलब्ध कराई तथा सर्दी से बचने हेतु एक कंबल भी दिया। उन्होंने पूर्ति निरीक्षक को जल्द से जल्द उक्त बुजुर्ग महिला का नियमानुसार राशन कार्ड बनाए जाने तथा सहायक विकास अधिकारी, समाज कल्याण को नियमानुसार उक्त महिला की शीघ्र वृद्धावस्था पेंशन शुरू किए जाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उक्त महिला के बीमार प्रतीत होने पर उन्होंने उपस्थित चिकित्साधिकारी से उनका हेल्थ चेक अप कराया तथा महिला को शीघ्र ही रेडक्रॉस से 5000 रुपए की धनराशि प्रदान किए जाने के निर्देश दिए। इस मौके पर उप जिलाधिकारी सदर सुश्री निधि बंसल, पुलिस अधीक्षक नगर राजेश कुमार आदि उपस्थित रहे।

महेश

RELATED ARTICLES

Most Popular