Saturday, March 21, 2026
Homeराज्यशिंदे गुट के 16 विधायक फरवरी में डिसक्वालिफाई हो जाएंगे: संजय राऊत

शिंदे गुट के 16 विधायक फरवरी में डिसक्वालिफाई हो जाएंगे: संजय राऊत

मुंबई (हि. स.)। शिवसेना (उबाठा) के नेता और राज्यसभा सदस्य संजय राऊत ने आज कहा कि शिंदे गुट के 16 विधायक फरवरी में डिसक्वालिफाई हो जाएंगे। उसके बाद शिंदे- फडणवीस सरकार गिर जाएगी। संजय राऊत ने कहा इस समय शिंदे -फडणवीस सरकार वेंटिलेटर पर है और सिर्फ 40 विधायकों को संतुष्ट करने में लगी है, बाकी महाराष्ट्र की जनता का कोई काम नहीं हो रहा है। संजय राऊत शनिवार को नासिक में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि शिंदे गुट के 16 विधायकों को दलबदल कानून के तहत अयोग्य होने से कोई रोक नहीं सकता। आज की मौत सिर्फ कल पर टाली जा रही है। 16 विधायकों के अयोग्य साबित हो जाने के बाद शिंदे -फडणवीस सरकार अपने आप गिर जाएगी। राऊत ने कहा कि यह बात सभी राजनीतिक दल के नेता जानते हैं, इसीलिए सभी दल आगामी चुनाव की तैयारी कर रहे हैं।

संजय राऊत ने कहा कि स्वर्गीय बालासाहेब ठाकरे ने जिस शिवसेना का गठन किया , वह उनके बेटे उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में पूर्ववत काम कर रही है और हमेशा जनहित का काम करती रहेगी। इसी वजह से निष्ठावान शिवसेना कार्यकर्ता हमेशा उद्धव ठाकरे के साथ हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री और छह मंत्रियों के भ्रष्टाचार के मामले सामने आए लेकिन सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की।

राजबहादुर/दधिबल

RELATED ARTICLES

Most Popular