वाराणसी (हि.स.)। चेतगंज थाना क्षेत्र के लहुराबीर चौराहे के समीप सोमवार को शाही नाला की सफाई के दौरान एक मजदूर अचानक गहरे मेनहोल में गिर गया। यह देख वहां मौजूद मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ टीम भी मौके पर पहुंच गई। एनडीआरएफ की टीम मजदूर को निकालने में जुट गई।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर शहर में शाही नाले की सफाई का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। लहुराबीर से पिपलानी कटरा जाने वाले मार्ग पर अपरान्ह में ठेकेदार दर्जनों मजदूरों को लेकर नाले के सफाई का काम कर रहा था। इसी दौरान मालदा निवासी 20 वर्षीय नवाब नाम का मजदूर ठेकेदार के निर्देश पर कमर में रस्सी बांध कर मेनहोल में उतर सफाई करने के लिए झुका ही था कि अचानक रस्सी टूट गई और वह नाले में गिर गया। मजदूर की चीख सुन अन्य मजदूरों ने शोर मचाया। लेकिन नाले में गहराई और पानी के तेज बहाव को देख मजदूर नाले में उतरने से हिचक रहे थे। उधर नबाब की सीवर के गंध और ऑक्सीजन की कमी के चलते जान खतरे में पड़ी हुई थी। सूचना पर वहां पहुंचे चेतगंज थाना प्रभारी ने पहले मजदूर को निकालने का प्रयास किया। लेकिन सफल न होने पर ऑक्सीजन की व्यवस्था कर फायर बिग्रेड और एनडीआरएफ की टीम को बुलवाया। मौके पर पहुंच कर टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई।
